October 24, 2025 10:34 PM

जनता के हाथों में सुदर्शन चक्र की तरह वोट की ताकत, महागठबंधन को उखाड़ फेंकें : डॉ. मोहन यादव

mohan-yadav-says-vote-is-like-sudarshan-chakra-in-people-hands

जनता के हाथों में सुदर्शन चक्र जैसी वोट की ताकत, महागठबंधन को उखाड़ फेंके : डॉ. मोहन यादव

पटना, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
बिहार विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बगहा, सिकटा और सहरसा में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता के हाथों में वोट सुदर्शन चक्र की तरह शक्तिशाली है। जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल की 99 गलतियों को माफ किया, लेकिन सौवीं गलती पर सुदर्शन चक्र चलाकर उसका अंत कर दिया, उसी तरह अब समय आ गया है कि जनता भी अपने वोट के सुदर्शन चक्र से महागठबंधन की गलतियों का अंत करे

डॉ. यादव ने कहा कि मतदान के दिन जब आपकी उंगली पर स्याही लगेगी, तो समझिए वही सुदर्शन चक्र है, जो अन्याय और अव्यवस्था के प्रतीक महागठबंधन को समाप्त कर देगा। उन्होंने कहा कि बिहार को महादलित आयोग और ओबीसी आयोग जैसी ऐतिहासिक सौगातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ही देन हैं। भाजपा गरीबों की सच्ची हितैषी है और भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता की तरह ही गरीबों की सहायता के लिए हरदम तत्पर रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूती मिल रही है और बिहार में सुशासन व विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। इसलिए हर मतदाता को यह संकल्प लेना चाहिए कि बिहार के विकास और राष्ट्र की प्रगति के लिए एनडीए के उम्मीदवारों को विजय दिलाना ही सर्वोपरि लक्ष्य है।

बिहार की धरती पवित्रता और संस्कृति की मिसाल : डॉ. यादव

बगहा की सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम चंपारण की यह भूमि भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र सांब द्वारा निर्मित सूर्य मंदिर से जुड़ी है, जिसने भारतीय संस्कृति को अद्भुत स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि बिहार वह भूमि है जहां गौतम बुद्ध ने ज्ञान की ज्योति जगाई, महावीर स्वामी सहित कई जैन तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया, और यही भूमि माता सीता की जन्मस्थली भी है।

डॉ. यादव ने कहा कि बिहार के लोग प्रतिभा के धनी हैं। यही राज्य देश को सबसे अधिक आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और वकील देता है। यहां के लोग जहां भी जाते हैं, अपनी मेहनत और लगन से मिसाल कायम करते हैं।

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि यह विडंबना है कि बिहार के वही नेता, जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया और अपनी बेटी का नाम “मीसा” उस संघर्ष की याद में रखा, आज उसी कांग्रेस के “शहजादे” के साथ खड़े हैं, जो कांग्रेस को खत्म करने पर तुला हुआ है।


कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के रास्ते में रोड़े अटकाए

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन था, तब कांग्रेस के नेताओं ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वकीलों ने कोर्ट में मंदिर के खिलाफ तर्क रखे, जिससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस की मानसिकता हिंदू आस्था के विरोध में रही है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है, और पूरी दुनिया आज भारत की इस दिव्यता का साक्षी बन रही है। यह वह ऐतिहासिक क्षण है जब भगवान राम अपने मंदिर में विराजमान हैं और पूरा देश दीपावली की तरह उत्सव मना रहा है।


गरीबों के जीवन में उजाला लाए प्रधानमंत्री मोदी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी ने गरीबों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए दो वक्त की रोटी, पक्का मकान, गैस का चूल्हा, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं आज हर घर तक पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी स्वयं एक गरीब परिवार से आए हैं और तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनकर यह सिद्ध कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च है। मोदी ने हर गरीब की पीड़ा को समझा और हर घर को सुविधा देने का प्रण लिया। यही कारण है कि आज भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


कांग्रेस परिवार की पार्टी, मोदी देश को परिवार मानते हैं

डॉ. यादव ने कांग्रेस की वंशवाद की राजनीति पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस में सत्ता हमेशा एक ही परिवार के इर्द-गिर्द रही है — नेहरू, इंदिरा, राजीव, सोनिया और अब राहुल गांधी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसका बिलकुल विपरीत उदाहरण प्रस्तुत किया है। मोदी कहते हैं, “देश ही मेरा परिवार है।”

उन्होंने स्वयं को इसका प्रमाण बताते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते, फिर भी जनता के सहयोग से मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को भी इसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए — मेहनत और ईमानदारी से कोई भी व्यक्ति शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।


एनडीए सरकार ने दिया सुशासन और विकास

डॉ. यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार ने बिहार को सड़कें, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और आधुनिक सुविधाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन से पहले अपराध की घटनाएं आम थीं, लेकिन अब बिहार विकास और सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण, ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा, और आदिवासी समाज की बहन द्रौपदी मुर्मु को देश का राष्ट्रपति बनाना — ये सब प्रधानमंत्री मोदी की जनोन्मुख नीतियों का परिणाम हैं।


राहुल गांधी पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं। वे भारत की सेना पर सवाल उठाकर सैनिकों का मनोबल गिराते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाली सेना पर प्रश्नचिह्न लगाना देशद्रोह से कम नहीं।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता मतदान के दिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन को सख्त सबक सिखाए। लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता के हाथ में होती है, और यह चुनाव उसी शक्ति को प्रयोग करने का सही समय है।



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram