• हम चिप से लेकर शिप तक भारत में बनाना चाहते हैं

नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कारोबारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत को हर क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं को बढ़ाना होगा। “हम चिप से लेकर शिप तक भारत में बनाना चाहते हैं। जो देश जितना अधिक दूसरों पर निर्भर रहेगा, उसकी प्रगति उतनी ही सीमित और बाधित होगी। इसलिए अब भारत किसी भी परिस्थिति में दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ेगा।” प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि 21वीं सदी में भारत की मजबूती और नेतृत्व की गारंटी है। उन्होंने कारोबारियों से आह्वान किया कि वे अपना व्यापार मॉडल ऐसा बनाएं, जो न केवल लाभकारी हो बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी सशक्त करे। मोदी ने कहा कि आज दुनिया आर्थिक और राजनीतिक रूप से बड़े बदलावों से गुजर रही है और यह अवसर भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

कारोबारियों और हस्तशिल्पियों को मिला बड़ा मंच

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा। इसमें पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल का लाइव डेमो पेश किया जा रहा है। शो में करीब 2400 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के 40 जिलों के उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार लगभग 5 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होने की संभावना है। रूस इस ट्रेड शो में पार्टनर देश के रूप में शामिल है, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग और व्यापारिक अवसरों के और बढ़ने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रख्यात फिल्म निर्माता बोनी कपूर और उनके बेटे अभिनेता अर्जुन कपूर से भी मुलाकात की। इसके साथ ही प्रतिदिन सुबह से रात तक सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और कारोबारी संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

टैक्स और जीएसटी पर बोले प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में टैक्स सुधारों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आम नागरिक को आयकर में बहुत राहत नहीं थी। “तब केवल दो लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री थी। आज हमारी सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये तक कर दिया है। इसके साथ ही नए जीएसटी सुधारों से इस वर्ष देशवासियों को ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत होने जा रही है। यह बचत देश की आर्थिक मजबूती और नागरिकों की खुशहाली दोनों के लिए अहम है।”

मोदी ने कहा कि जीएसटी लागू करने के बाद देश में कर व्यवस्था पारदर्शी और सरल हुई है। 2017 में पहली बार जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी और 2025 में भी यह व्यवस्था आम लोगों को राहत पहुंचाने और विकास की गति बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे आर्थिक मजबूती बढ़ेगी, टैक्स का बोझ घटता जाएगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल देश की जनता को जीएसटी की दरों को लेकर गुमराह कर रहे हैं। “2014 से पहले जो सरकारें सत्ता में थीं, वे केवल टैक्स की लूट में लगी थीं। उस समय जनता पर भारी टैक्स का बोझ डाला जाता था और भ्रष्टाचार चरम पर था। आज वही दल झूठ बोलकर जनता को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि हमारी सरकार ने बड़े पैमाने पर टैक्स घटाया है और आम आदमी को राहत दी है।”

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक सुधारों, कर छूट और पारदर्शिता पर भी आधारित है। उन्होंने कहा कि यदि देशवासियों का सहयोग और भरोसा इसी तरह मिलता रहा, तो आने वाले वर्षों में भारत न केवल आत्मनिर्भर बनेगा बल्कि वैश्विक व्यापार का नेतृत्व भी करेगा।