July 4, 2025 3:25 AM

घाना में प्रधानमंत्री मोदी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

: modi-honoured-in-ghana

राष्ट्रपति जॉन महामा ने किया सम्मानित, बोले मोदी- 1.4 अरब भारतीयों की ओर से यह सम्मान विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं

घाना में पीएम मोदी को मिला सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-घाना संबंधों को नई दिशा

अक्करा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना सरकार ने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें राजधानी अक्करा में आयोजित एक विशेष समारोह में घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने घाना सरकार और वहां की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान भारत के 1.4 अरब नागरिकों का है, जिसे वे गर्व और विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुरस्कार वे भारत की सांस्कृतिक विविधता, युवाओं की आकांक्षाओं और भारत-घाना के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और घाना लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक शांति के प्रति प्रतिबद्धता के साझा मंच पर खड़े हैं।

भारत-घाना द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा

घाना पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी को 21 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति महामा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय और पारंपरिक वेशभूषा में स्कूली बच्चों ने मोदी का स्वागत किया और संस्कृत श्लोकों के माध्यम से सम्मान व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इसके बाद घाना की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि घाना अफ्रीका में लोकतंत्र का प्रेरणा केंद्र है। उन्होंने भारत को “लोकतंत्र की जननी” बताते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल एक शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जीवनशैली और संस्कार है।

उन्होंने बताया कि भारत में 2,500 से अधिक राजनीतिक दल, 22 आधिकारिक भाषाएं और हजारों बोलियाँ हैं, जो देश की विविधता में एकता को दर्शाती हैं।

चार समझौतों पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति महामा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। विदेश मंत्रालय के सचिव दम्मू रवि के अनुसार ये हैं:

  1. संयुक्त आयोग की स्थापना: विदेश मंत्रालय स्तर पर नियमित जॉइंट कमीशन मीटिंग आयोजित की जाएगी।
  2. पारंपरिक चिकित्सा सहयोग: दोनों देश पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक्सपर्ट ट्रेनिंग और अनुभव साझा करेंगे।
  3. सांस्कृतिक सहयोग: सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समझौता।
  4. गुणवत्ता मानक सहयोग: प्रोडक्ट और सर्विस के स्टैंडर्ड सेटिंग पर साझेदारी, जिससे आर्थिक सहयोग को गति मिलेगी।

भारत-घाना व्यापार और रणनीतिक सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और घाना के बीच व्यापार 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है और अगले पांच वर्षों में इसे दोगुना करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत, घाना के राष्ट्र निर्माण की यात्रा में केवल सहयोगी नहीं बल्कि सह-यात्री बनकर साथ चल रहा है।

दोनों नेताओं ने वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की। मोदी ने दोहराया कि यह युद्ध का युग नहीं है और सभी समस्याओं का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए।

भारत और घाना ने संयुक्त राष्ट्र सुधार, आतंकवाद के विरुद्ध साझा रणनीति और वैश्विक शांति की दिशा में एकसाथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई। मोदी ने इस दौरान राष्ट्रपति महामा को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

कोविड-19 और वैश्विक सहयोग

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कोरोना महामारी के दौरान भारत ने घाना को 6 लाख वैक्सीन की खुराक भेजी थी। दोनों देश गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) और संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर एक-दूसरे के सशक्त सहयोगी रहे हैं।

मोदी ने अपने भाषण में घाना की G20 सदस्यता को भारत की G20 अध्यक्षता का परिणाम बताते हुए कहा कि भारत की “ह्यूमैनिटी फर्स्ट” की नीति वैश्विक कल्याण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि भारत और घाना मिलकर अफ्रीका के विकास ढांचे को मजबूत करेंगे और एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे।



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram