इंफाल। मणिपुर में लगातार उग्रवादियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी का संबंध प्रतिबंधित संगठनों से है और ये राज्य के विभिन्न हिस्सों में जबरन वसूली, धमकी और हिंसा की घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।

थौबल जिले में पकड़े गए KCP (अपुनबा सिटी मैतेई) के चार सदस्य

थौबल जिले के हिरोक थाना क्षेत्र में सलुंगफम ममांग लाईकाई बाजार के पास छापा मारकर पुलिस ने केसीपी (अपुनबा सिटी मैतेई) संगठन के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी ईंट भट्टा, स्कूल, बैंक, दुकानें, अस्पताल और आम नागरिकों से अवैध वसूली में लिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

  • मो. सारुक खान (34), थौबल वांगखेम
  • संगोमसंबम अख्तर अहमद (29), थौबल वांगखेम
  • कोंजेंगबम कुमारजीत सिंह (41), बिष्णुपुर
  • लैश्रम जयमंगल सिंह (47), थौबल

इनके कब्जे से एक .32 पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन हैंड ग्रेनेड, पांच मोबाइल फोन, एक कार और दो बाइक जब्त की गईं।

इंफाल ईस्ट में तीन SORPA कैडर गिरफ्तार

इंफाल ईस्ट के वैथौ चिरू क्षेत्र से पुलिस ने SORPA संगठन के तीन सक्रिय सदस्य गिरफ्तार किए, जो याइरिपोक क्षेत्र के स्कूलों से जबरन वसूली कर रहे थे।
गिरफ्तार लोग हैं:

  • लैशुंगबम लेनिन सिंह उर्फ खुमान (31)
  • युमखैबम लुखोई सिंह उर्फ अबोई (32)
  • सगोलसेम दिनेश सिंह (25)

इनसे तीन मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई।

इंफाल वेस्ट में एक KCP सदस्य दबोचा गया

इंफाल वेस्ट के लमफेल थाना क्षेत्र स्थित कोम्बिरेई हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से केसीपी (नोंगद्रेंखोम्बा) गुट का सदस्य सलाम सदानंद सिंह उर्फ एगोचा को पकड़ा गया। वह स्थानीय नागरिकों से पैसों की वसूली और धमकी में शामिल था। उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ।

भारत-म्यांमार सीमा पर UNLF (K) के तीन कैडर पकड़े गए

भारत-म्यांमार सीमा पर मोरेह थाना क्षेत्र के बॉर्डर पिलर 81, सब पिलर 3 के पास यूएनएलएफ (के) संगठन के तीन सदस्य पकड़े गए। इनके नाम हैं:

  • निंगोम्बम श्याम सिंह (32)
  • चिंगांगबम जॉनसन मैतेई उर्फ अंगोमचा मैतेई (30)
  • मो. सोहेल खान (25)

लगातार कार्रवाई से उग्रवादियों में डर

पुलिस का कहना है कि ये सभी गिरफ्तारियां विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गईं और आगे भी राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। सुरक्षाबलों की इन सफलताओं से स्पष्ट है कि मणिपुर में अब उग्रवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाहें सिमटती जा रही हैं।

https://swadeshjyoti.com/dubai-kathmandu-flight-emergency-landing-lucknow/