पेरिस और जापान में चमका मध्य प्रदेश पर्यटन, वैश्विक मंच पर लहराया ‘अतुल्य भारत का हृदय
वैश्विक मंचों पर मध्य प्रदेश की पहचान
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मध्य प्रदेश जैसे राज्य ने पेरिस और जापान जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों ने न केवल ‘अतुल्य भारत का हृदय’ की अवधारणा को वैश्विक पहचान दिलाई, बल्कि नए बाजारों में साझेदारी के अवसर भी खोले हैं। यूरोप और पूर्वी एशिया जैसे प्रमुख पर्यटक बाज़ारों में मध्य प्रदेश की उपस्थिति से राज्य के लिए पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे।
मुख्यमंत्री का विज़न और पर्यटन विभाग की पहल
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विज़न है कि मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा की सुगंध दुनिया तक पहुंचे। यही कारण है कि पर्यटन विभाग लगातार अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। उनका कहना है कि “मध्य प्रदेश केवल घूमने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जो जीवनभर यात्रियों की स्मृतियों में बस जाता है।”

पेरिस में IFTM टॉप रेसा 2025 का आकर्षण
पेरिस के पोर्टे डी वर्सेल्स प्रदर्शनी केंद्र में 23 से 25 सितम्बर तक आयोजित IFTM टॉप रेसा में मध्य प्रदेश का विशेष पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना। इसका उद्घाटन भारतीय दूतावास, पेरिस के आर्थिक एवं वाणिज्यिक विंग के काउंसलर नवीन कुमार ने किया। इस अवसर पर पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. और एमपी टूरिज्म बोर्ड के उप संचालक युवराज पाडोले भी उपस्थित रहे।
पवेलियन में मध्य प्रदेश की धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की आधुनिक पहल का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसने वैश्विक यात्रा व्यापार समुदाय को गहराई से प्रभावित किया।
जापान में टूरिज्म एक्सपो 2025 में शानदार प्रस्तुति
जापान के आईची स्काई एक्सपो में 25 सितम्बर से शुरू हुए टूरिज्म एक्सपो जापान 2025 में भी मध्य प्रदेश ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। पवेलियन का उद्घाटन भारतीय दूतावास, टोक्यो की मंत्री (वाणिज्य एवं आर्थिक) देबजानी चक्रवर्ती ने किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एमपी टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने किया। उनके साथ सहायक प्रबंधक राकेश गोलिया और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख साझेदार भी मौजूद रहे।
इस पवेलियन ने जापानी पर्यटकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को आकर्षित किया और मध्य प्रदेश के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव को सामने रखा।

धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य का जीवंत प्रदर्शन
दोनों अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में एमपी का पवेलियन ‘अतुल्य भारत का हृदय’ की सजीव झलक पेश करता रहा।
- विश्व धरोहर स्थल – खजुराहो के अद्वितीय मंदिर, सांची के बौद्ध स्तूप और भीमबेटका की शैलाश्रय कला ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सामने रखा।
- वन्यजीव पर्यटन – कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच जैसे विश्वप्रसिद्ध बाघ अभयारण्यों की प्रस्तुति ने रोमांचक और सुरक्षित पर्यटन की झलक दी।
- आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन – उज्जैन, ओंकारेश्वर और महेश्वर जैसे पवित्र नगरों को प्रदर्शित कर राज्य की आध्यात्मिक धारा और जीवन्तता को उजागर किया गया।
- जनजातीय और ग्रामीण पर्यटन – आदिवासी परंपराओं, हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन ने सतत विकास और सामुदायिक सहभागिता के संदेश को सशक्त किया।
अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और रणनीतिक संबंध
इन आयोजनों ने मध्य प्रदेश को फ्रांस, यूरोप और जापान के टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ रणनीतिक संबंध बनाने का अवसर दिया। इससे राज्य की वैश्विक पहुंच को मजबूती मिली और मध्य प्रदेश विश्व पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त हुआ।
‘एक अनुभव, केवल यात्रा नहीं’
एमपी टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य केवल पर्यटकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा अनुभव प्रदान करना है जो जीवनभर उनके मन में बसा रहे। यही कारण है कि बोर्ड अनुभवात्मक और प्रामाणिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!
- पाकिस्तान और अफगानिस्तान सीमा पर फिर भड़की भीषण झड़पें
- धनतेरस 2025: जानिए पूजन विधि, शुभ मुहूर्त और समृद्धि लाने वाले उपाय
- चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
- भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के किए दर्शन
- जदयू ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची, 57 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा