Trending News

February 5, 2025 3:06 PM

मध्यप्रदेश के स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार, मुख्यमंत्री ने किया योग

"स्वामी विवेकानंद जयंती पर मध्यप्रदेश में सूर्य नमस्कार और युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ"

भोपाल। स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन हुआ। भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ योग किया। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के ग्राम डोभी के सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को किया याद

मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “जब युवा बोलते हैं तो मुझे स्वामी विवेकानंद का ध्यान आता है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय सनातन संस्कृति और हिंदुस्तानी दर्शन को नई पहचान दी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा था, ‘उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न कर लो।'” मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक पर ‘युवा शक्ति मिशन’ का शुभारंभ किया। इस मिशन के तहत प्रदेश के युवाओं को शिक्षित और स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि 2028 तक प्रदेश के 70% युवा स्वरोजगार प्राप्त करें। वर्तमान में प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक युवा हैं।” उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत उत्तीर्ण करने और शिक्षित बनाने के संकल्प की बात भी कही।

स्वामी विवेकानंद की 3-डी रंगोली आकर्षण का केंद्र

भोपाल के शौर्य स्मारक में स्वामी विवेकानंद की 18,000 वर्गफुट में फैली विश्व की सबसे बड़ी 3-डी रंगोली बनाई गई। इस रंगोली को 225×80 फीट आकार में इको-फ्रेंडली रंगों से तैयार किया गया। रंगोली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव भी चित्रित हैं। इसे इंदौर की प्रसिद्ध रंगोली कलाकार शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम ने बनाया।

शिखा शर्मा को जयपुर के इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल में गोल्ड मेडल और नेपाल व थाईलैंड में उत्कृष्टता पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने 70,000 से अधिक बच्चों को रंगोली कला सिखाई है। यह रंगोली युवाओं को ‘संवाद, सामर्थ्य और समृद्धि’ का संदेश देती है।

सूर्य नमस्कार का आयोजन और युवा शक्ति की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने सूर्य नमस्कार को ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा, “युवा शक्ति के माध्यम से राष्ट्र शक्ति का निर्माण होता है।” राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रदेशभर में इस आयोजन ने युवाओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार किया।

लाडली बहना योजना का जिक्र

मुख्यमंत्री ने लाडली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज इस योजना की राशि भी वितरित की जाएगी। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

यह आयोजन न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश में एक प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram
Share on pocket