मध्यप्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट बना नव मप्र निर्माण की आधारशिला : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल, 1 नवम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज हम केवल अपने प्रदेश के 70 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं मना रहे हैं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों की नई यात्रा का आरंभ भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “विकसित मध्यप्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट” जन-जन के सहयोग से तैयार हुआ है और यह नव मध्यप्रदेश के निर्माण की सशक्त आधारशिला बनेगा। यह दस्तावेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य की अग्रणी भूमिका को परिभाषित करेगा।
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-34-1024x626.png)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रवीन्द्र भवन में प्रदेश स्थापना दिवस समारोह के दौरान आयोजित “अभ्युदय मध्यप्रदेश” कार्यक्रम में विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट केवल एक सरकारी दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं, युवाओं के सपनों और विकास की राह पर अग्रसर प्रदेश का सामूहिक संकल्प है। इस अवसर पर “एमपी ई-सेवा पोर्टल”, “इन्वेस्ट एमपी 3.0 पोर्टल” और “वॉश ऑन व्हील्स” मोबाइल ऐप का लोकार्पण भी किया गया।
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-38-1024x450.png)
डॉ. यादव ने कहा कि गत दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने विरासत से विकास की दिशा में अद्भुत प्रगति की है। औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यही गति प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान घोषणा की कि ओंकारेश्वर अभयारण्य को खंडवा और देवास जिलों के क्षेत्रों में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विजन डॉक्यूमेंट के उद्देश्यों और योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया और एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-35-1024x683.png)
उज्जैन को मिलेगा नया हवाई अड्डा, श्रद्धालुओं को लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू की उपस्थिति में उज्जैन हवाई अड्डे के विकास अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। यह प्रदेश का चौथा हवाई अड्डा होगा जो अगले दो वर्षों में आकार लेगा। उन्होंने बताया कि रीवा, सतना और दतिया हवाई अड्डों के बाद उज्जैन एयरपोर्ट से प्रदेश में हवाई संपर्क का नया युग शुरू होगा। उज्जैन में यह सुविधा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वरदान साबित होगी। साथ ही रीवा-नई दिल्ली फ्लाइट के लिए अलायंस एयर और रीवा-इंदौर फ्लाइट के लिए इंडिगो एयरलाइंस से अनुबंध पत्र भी प्रदान किए गए।
सरकारी सेवाएं अब ‘एमपी ई-सेवा’ पोर्टल से ऑनलाइन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘एमपी ई-सेवा’ पोर्टल का लोकार्पण करते हुए कहा कि अब नागरिकों को 500 सरकारी सेवाएं एक ही मंच पर सरल और पारदर्शी तरीके से प्राप्त होंगी। आने वाले समय में 1750 और सेवाएं इस पोर्टल से जोड़ी जाएंगी। उन्होंने ‘इन्वेस्ट एमपी 3.0’ पोर्टल और ‘वॉश ऑन व्हील्स’ मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया, जो निवेश, स्वच्छता और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में नए आयाम स्थापित करेंगे।
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-36-1024x683.png)
तीन वर्षों में दो लाख सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले तीन वर्षों में दो लाख शासकीय नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निवेश और रोजगार वर्ष 2025 के अंतर्गत अब तक 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 8 लाख 44 हजार करोड़ के प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। इनसे लगभग 6 लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे। अब तक प्रदेश में 8 लाख 25 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री मित्र पार्क, भोपाल के पास रायसेन जिले के उमरिया गांव में स्थापित हो रही रेल कोच फैक्ट्री से बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार पर्यटन, चिकित्सा शिक्षा और उद्योग क्षेत्रों में पीपीपी मॉडल पर नई पहलें कर रही है।
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-37-1024x683.png)
‘विकसित मध्यप्रदेश’ के तीन स्तंभ : सुख, समृद्धि और सुसंस्कृति
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि विकसित मध्यप्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट जनता की सहभागिता से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में रोजगार और उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए “मेक इन मध्यप्रदेश” पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के 97 प्रतिशत किसानों की डिजिटल रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जो मध्यप्रदेश को कृषि क्षेत्र में अग्रणी बनाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सेवा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 3 एआई सिटी विकसित करेगी और समूची शासन व्यवस्था को एक स्क्रीन पर उपलब्ध कराएगी। इससे प्रशासनिक पारदर्शिता और सेवा वितरण में अभूतपूर्व सुधार होगा।
‘मध्यप्रदेश देश का दिल है’ – नीति आयोग उपाध्यक्ष
नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. सुमन के. बेरी ने कहा कि मध्यप्रदेश न केवल भौगोलिक दृष्टि से, बल्कि जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा के कारण भी देश का हृदय है। उन्होंने कहा कि राज्य का विजन डॉक्यूमेंट प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्यों के अनुरूप है और यह सतत् विकास की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री जनसेवा के प्रतीक : नायडू
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जनसेवा के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने ओम से लेकर एआई तक हर क्षेत्र में नवाचारों को अपनाते हुए प्रगति की नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं।
कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, अडानी ग्रुप के प्रबंध निदेशक प्रणव अडानी, संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार सहित अनेक उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
✨ स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/11/image-34-scaled.png)