नई दिल्ली। देशभर में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। बीते एक सप्ताह के भीतर उत्तर और मध्य भारत के तापमान में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 दिन में कई शहरों में पारा 8 से 13 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। इस बीच पंजाब का बठिंडा 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे देश में सबसे गर्म शहर रहा। हरियाणा के सिरसा में भी पारा 46.2 डिग्री तक जा पहुंचा।
राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 47.4 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री और बीकानेर में 46 डिग्री दर्ज किया गया। इन शहरों में हीटवेव की स्थिति लगातार बनी हुई है।
दिल्ली में मंगलवार को तापमान 43.8 डिग्री रहा, लेकिन वातावरण में नमी की कमी और तेज धूप के चलते यह गर्मी 47 डिग्री जैसी महसूस हुई। बुधवार को दिल्ली का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

मध्यप्रदेश: नौतपा जैसे हालात, पारा 46 के पार
मध्यप्रदेश में बीते तीन दिन से नौतपा जैसी स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को प्रदेश के 28 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। नौगांव में सबसे अधिक 46.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं नर्मदापुरम, गुना, खजुराहो, टीकमगढ़ और सागर में पारा 45 डिग्री के आसपास रहा।
राजधानी भोपाल में सुबह से ही सूरज की तेज किरणों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया था। मौसम विभाग ने चेताया है कि आने वाले दो दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर बना रहेगा। खासतौर पर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों के लिए विशेष सतर्कता जारी की गई है।
मानसून अटका, राहत की उम्मीद फिलहाल कम
भीषण गर्मी के बीच लोगों को जिस राहत का इंतजार है, वह भी फिलहाल दूर ही नजर आ रही है। मानसून इस बार अपनी रफ्तार पर नहीं है। पिछले 12 दिनों से यह महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ठहरा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिन तक मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बहुत कम है। मध्यप्रदेश में अब यह 15 जून के बाद ही प्रवेश कर सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि गुरुवार से कुछ क्षेत्रों में बारिश शुरू हो सकती है। लेकिन जहां वर्षा नहीं होगी, वहां लू और गर्मी का असर यथावत बना रहेगा।
केरल में बारिश का अलर्ट
जहां एक ओर उत्तर और मध्य भारत लू से तप रहा है, वहीं दक्षिण भारत के केरल राज्य में मौसम ने करवट ली है। यहां फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तरी जिलों में 13 जून को चार और 14 जून को नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस तरह एक ओर देश झुलसती गर्मी का सामना कर रहा है, तो दूसरी ओर मानसून की सुस्त चाल ने चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!