July 5, 2025 1:40 AM

सबको शिक्षा ही हमारा विकास मंत्र, हम बनाएंगे प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य: मुख्यमंत्री

सबको शिक्षा ही हमारा विकास मंत्र, हम बनाएंगे प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने दी छात्रों को बड़ी सौगात: 94 हजार मेधावी छात्रों को 235 करोड़ की लैपटॉप प्रोत्साहन राशि

मुख्य बिंदु:

  • कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय समारोह
  • 94,234 मेधावी विद्यार्थियों को 235 करोड़ की प्रोत्साहन राशि अंतरण
  • अगले साल से मिलेंगे और अपडेटेड लैपटॉप
  • 15 साल में 4.32 लाख छात्रों को मिला योजना का लाभ

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि ‘सबको शिक्षा’ ही प्रदेश सरकार का विकास मंत्र है। राज्य स्तरीय समारोह में उन्होंने 12वीं के 75% से अधिक अंक लाने वाले 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय हेतु 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस योजना पर इस वर्ष 235 करोड़ रुपये खर्च हुए।

उन्होंने मंच से 15 विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से लैपटॉप वितरित किए और उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि अगले वर्ष से छात्रों को राशि की बजाय सीधे 25 हजार मूल्य के अपडेटेड लैपटॉप दिए जाएंगे।

अब तक 1080 करोड़ से अधिक खर्च
डॉ. यादव ने बताया कि पिछले 15 वर्षों में 4.32 लाख छात्रों को योजना का लाभ मिला, जिस पर अब तक 1080 करोड़ से अधिक राशि खर्च हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लैपटॉप आधुनिक शिक्षा का सशक्त माध्यम है, जिससे छात्र डिजिटल युग की प्रतिस्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

सरकारी स्कूलों से निकले गुदड़ी के लाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश के सरकारी स्कूलों के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस बार शासकीय स्कूलों का परिणाम 52% और निजी स्कूलों का 48% रहा, जो सरकारी प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।

उच्च शिक्षा में भी सरकार का पूरा साथ
डॉ. यादव ने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई में भी मेधावी छात्रों की पूरी फीस सरकार द्वारा भरी जा रही है, जो लगभग 80 लाख रुपए प्रति छात्र होती है। NEET परीक्षा पास करने पर पूरी चिकित्सा शिक्षा नि:शुल्क हो जाती है।

डीबीटी से पारदर्शिता बढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई डीबीटी प्रणाली ने शासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाई है। जनधन खाते खोलने जैसे कदम गरीबों के लिए क्रांतिकारी साबित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा: “गुरु पूर्णिमा आने वाली है, गुरु वह होता है जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। शिक्षा ही प्रदेश को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगी।”



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram