July 4, 2025 4:48 PM

केदारनाथ हादसा: हेलिकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत सात श्रद्धालुओं की मौत, 2 साल का मासूम भी शामिल

kedarnath-helicopter-crash-2025-death-pilot-child

केदारनाथ, उत्तराखंड | चारधाम यात्रा के दौरान रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ मंदिर से श्रद्धालुओं को लेकर गौरीकुंड लौट रहा हेलिकॉप्टर सुबह करीब 5:20 बजे जंगलचट्टी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, एक दो वर्षीय बच्चा और पायलट राजवीर सिंह शामिल हैं।

हादसे के पीछे घना कोहरा और खराब विजिबिलिटी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस समय हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी, उस वक्त घाटी में घना कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी बहुत कम थी। बावजूद इसके, उड़ान की अनुमति दी गई। यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था। मौसम की अनदेखी इस दुर्घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है।

हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की सूची

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. राजवीर सिंह चौहान (पायलट, जयपुर, राजस्थान)
  2. विक्रम सिंह रावत (ऊखीमठ, उत्तराखंड)
  3. विनोद देवी (उत्तर प्रदेश)
  4. तृष्टि सिंह (उत्तर प्रदेश)
  5. राजकुमार सुरेश (गुजरात)
  6. श्रद्धा राजकुमार जायसवाल (महाराष्ट्र)
  7. काशी (महाराष्ट्र) – उम्र महज 2 वर्ष

ये सभी श्रद्धालु केदारनाथ दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।

पहचान में आ रही मुश्किल, DNA जांच के बाद ही मिलेंगे शव

हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे सभी शव बुरी तरह जल गए। रेस्क्यू टीमों के अनुसार शवों की पहचान बेहद कठिन है और DNA टेस्ट के बाद ही उन्हें परिजनों को सौंपा जा सकेगा। मौके पर NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। गढ़वाल IG राजीव स्वरूप ने इसकी पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को लेकर गहरा दुख जताया और कहा कि हेलिकॉप्टर सेवाओं के संचालन पर अब और अधिक सख्त नियम बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “अब हेली सर्विस शुरू करने से पहले तकनीकी निरीक्षण और मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य किया जाएगा।”

पैदल यात्रा पर भी लगी रोक, रास्ता भी ध्वस्त

इसी बीच, जंगलचट्टी के पास एक गधेरे में भारी मलबा और पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक की पैदल यात्रा पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है

रुद्रप्रयाग पुलिस ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रशासन का दावा है कि जो श्रद्धालु पहले ही यात्रा पर निकल चुके हैं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की जा रही है।

लगातार सवालों के घेरे में हेली सेवाएं

यह कोई पहली घटना नहीं है जब केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर सेवा सवालों के घेरे में आई हो। पहले भी तकनीकी खराबी, मौसम की अनदेखी और ओवरलोडिंग जैसे कारणों से यात्रियों की जान खतरे में पड़ी है। ऐसे में आर्यन एविएशन सहित अन्य कंपनियों की कार्यप्रणाली की गहन जांच की मांग भी उठ रही है।


Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram