राष्ट्र संबोधन में लोकतांत्रिक जिम्मेदारी पर जोर, होली और चुनाव को बताया राष्ट्रीय एकता का प्रतीक 

काठमांडू। नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने सोमवार अपराह्न राष्ट्र के नाम संबोधन में 5 मार्च को होने वाले आम निर्वाचन को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए सभी मतदाताओं से अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। नेपाल टेलीविजन और रेडियो नेपाल के माध्यम से प्रसारित इस संदेश में उन्होंने नागरिकों से चुनाव के दौरान शांति, संयम और जिम्मेदारी बनाए रखने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी ही राष्ट्र के भविष्य को दिशा देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्णय है।

होली और चुनाव को बताया प्रतीकात्मक

प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि इस बार होली पर्व और आम चुनाव की तैयारी एक साथ होना विशेष महत्व रखता है। रंगों का त्योहार और लोकतंत्र की प्रक्रिया दोनों ही राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और साझा भविष्य का प्रतीक हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे होली संयम और मर्यादा के साथ मनाएं तथा किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाएं।

जेन-जी आंदोलन और अस्थिरता का उल्लेख

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जेन-जी आंदोलन के बाद की परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय देश भय, अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा था। हिंसक हालात से देश को शांतिपूर्ण मार्ग पर लाना और संविधान के रास्ते पर वापस लौटाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और संयम से यह संभव हो सका।

राजनीतिक दलों से भी संयम की अपील

प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और समर्थकों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सम्मान बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने मौन अवधि के नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।

उन्होंने निर्वाचन आयोग, सुरक्षा निकायों और सरकारी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि उनकी निष्पक्षता और तत्परता से चुनाव स्वच्छ, स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में संपन्न होगा।

भ्रामक सूचनाओं पर सख्ती

प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि सरकार भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर दंडहीनता को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश नीति और नागरिकों की सुरक्षा

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विशेषकर ईरान क्षेत्र की स्थिति पर सरकार गंभीर है। वहां रह रहे नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और सभी नेपाली मिशनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश का नेतृत्व करना उन्होंने मातृभूमि के प्रति अपना दायित्व समझा है। उन्होंने नागरिकों से होली की खुशियां साझा करने और आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण व ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।