- गांधी नगर स्थित कुष्ठ आश्रम जाकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मनाया जन्मदिन
- गांधी नगर स्थित कुष्ठ आश्रम में मुख्यमंत्री ने काटा केक
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज जन्मदिन है इस मौके पर राजधानी के गांधी नगर स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने कुष्ठ रोगियों को वस्त्र, शाल श्रीफल और मिठाई का पैकेट दिया। इस मौके पर गांधी आश्रम के लोगों के साथ केक काटकर उन्हें केक खिलाया और बाद में अपने हाथों से भोजन कराया। इस मौके पर स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा और उनके समर्थक भी मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए कई मायनों में खास है। आज मेरा जन्मदिन है। यूं तो हमारा हर सांस के साथ जन्म है लेकिन हमारे मित्र रामेश्वर शर्मा हमारे वरिष्ठ नेताओं के साथ कुष्ठ बंधुओं के साथ इस दिवस को मनाया है। यह बीमारी परमात्मा की न जाने कौन सी लीला है। अपनी जिंदगी के काम निपटाकर कष्ट से यह लोग लड़ रहे है, ऐसे बंधुओं के बीच आकर उनके दुख को कम करने पर आनंद मिलता है। यह लाइलाज बीमारी है। इसमें अगली पीढ़ी ऐसी हो ऐसा नहीं है। मैं कुष्ठधाम आश्रम संचालक को इन लोगों के बेहतर तरीके से रखने के लिए बधाई देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाना है इसलिए हमने औद्योगिककरण की दृष्टि से काम शुरु किया है ताकि प्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा हो। आज मैं 25 औद्योगिक इकाईयों का उद़्घाटन करने उज्जैन जा रहा हूं। मुख्मयंत्री ने कहा कि मैं आगर भी जा रहा हूं जहां गोशाला जाऊंगा इसके अलावा वहां के सुधीर भाई के आश्रम भी जाऊंगा जहां ऐसे ही कष्ट में जीवन जी रहे लोगों की सेवा के लिए लोग आगे आ रहे है। बता दें मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज 60 वर्ष पूरे कर लिए है। उनका जन्म 25 मार्च 1965 में मध्यप्रदेश के उज्जैन में हुआ था।
मुख्यमंत्री आज करेंगे 25 औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन, लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी, ताजपुर औद्योगिक क्षेत्र और मेडिकल डिवाइसेस पार्क में 25 औद्योगिक इकाइयों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। वह उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में 28.1 करोड़ रुपये की लागत से बने सामान्य अपशिष्ट उपचार केंद्र (सीईटीपी) का लोकार्पण भी करेंगे। इन इकाइयों में 1127 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे 4700 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इस निवेश से उज्जैन औद्योगिकीकरण का नया केंद्र बनेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और अधिक गति मिलेगी। औद्योगिक विस्तार में विक्रम उद्योगपुरी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यहां मेसर्स सिग्निफाईआरबीटी कॉन्सेप्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 100 करोड़ रु. का निवेश किया जाएगा, जिससे 250 लोगों को रोजगार मिलेगा। मेसर्स रेलसस प्राइवेट लिमिटेड 97 करोड़ रु. का निवेश करेगी, जिससे 180 लोगों को रोजगार मिलेगा। मेसर्स इस्कॉन बालाजी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 92.74 करोड़ रू.का निवेश किया जायेगा। जिससे 383 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। मेसर्स पायोनियर इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज द्वारा 51करोड़ रु. का निवेश किया जाएगा, जिससे 900 लोगों को रोजगार मिलेगा।
कार्यकर्ताओं ने महाकाल की तस्वीर देकर मनाया जन्मदिवस
उधर पुराने शहर से गांधी नगर जाने के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्मयंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। साथ ही महाकाल की तस्वीर देकर उनका सम्मान किया गया। वही मुख्यमंत्री का काफिला जहां से गुजरा कार्यकर्ताओं ने मंच सजाकर उनका स्वागत किय। इस दौरान मुख्यमंत्री को गदा भेंट की गई। इससे पहले मुख्यमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर पूरे शहर में उन्हें बधाई देने के पोस्टर और बैनर लगे हुए है। प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह ने भी मुख्यमंत्री को दी बधाई: इससे पहले ट्वीटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है वहीं शाह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दी है। शाह ने लिखा कि मोदी जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। बाबा महाकाल से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना करता हूँ।