तालिसे द्वीप के पास हुआ हादसा, 280 में से 150 यात्रियों को बचाया गया, राहत कार्य जारी
इंडोनेशिया में समुद्री जहाज में आग, 3 की मौत, 100 से ज्यादा यात्री लापता
जकार्ता। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत में रविवार दोपहर समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया। तालिसे द्वीप के पास चलते एक यात्री जहाज केएम बार्सिलोना वीए में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा यात्री अब भी लापता हैं। जहाज में कुल 280 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 150 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों की ओर से बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। आग लगने के बाद अपनी जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने जहाज से समुद्र में छलांग लगा दी थी।

दोपहर 1:30 बजे लगी आग, तेजी से फैली
स्थानीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे जहाज में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही पलों में पूरे जहाज में फैल गई। उस वक्त जहाज तालौद द्वीपों से मनाडो पोर्ट की ओर जा रहा था। आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी, नौसेना, तटरक्षक बल और स्थानीय मछुआरों ने राहत अभियान शुरू कर दिया।

लापता यात्रियों की तलाश जारी
अब तक 150 यात्रियों को बचा लिया गया है, लेकिन 100 से अधिक लोग लापता हैं। उन्हें खोजने के लिए लिकुपांग पोर्ट पर एक कमांड पोस्ट बनाया गया है, जहां से रेस्क्यू ऑपरेशन का संचालन किया जा रहा है। समुद्र में फैले यात्रियों की तलाश में गोताखोरों और बचाव दलों को लगाया गया है।
आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं
जहाज में आग कैसे लगी, इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जांच एजेंसियों ने कहा है कि सभी यात्रियों का पता लगने के बाद ही घटना के कारणों की जांच शुरू की जाएगी। वहीं, सरकार ने यात्रियों के परिजनों से संयम बरतने और आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास रखने की अपील की है।

नियमित मार्ग पर चल रहा था जहाज
केएम बार्सिलोना वीए नामक यह जहाज मनाडो से ताहुना मार्ग पर चलता था और रास्ते में आने वाले कई द्वीपों को आपस में जोड़ता था। यह क्षेत्र समुद्री परिवहन के लिए जाना जाता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं की कई बार आलोचना भी होती रही है।
यह हादसा इंडोनेशिया के समुद्री सुरक्षा प्रबंधों पर फिर से सवाल खड़े करता है। प्रशासन की चुनौती अब लापता यात्रियों को सुरक्षित निकालने और आग के कारणों की निष्पक्ष जांच करने की है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!