July 30, 2025 6:45 PM

दिल्ली से गोवा जा रहे इंडिगो विमान का एक इंजन फेल, मुंबई में कराई गई आपात लैंडिंग

: रांची एयरपोर्ट पर गिद्ध से टकराया इंडिगो विमान, सुरक्षित लैंडिंग

विमान में सवार थे 173 यात्री, सभी सुरक्षित; एयरबस ए320 की तकनीकी खराबी बनी वजह

इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, मुंबई में कराई गई आपात लैंडिंग

मुंबई। बुधवार रात दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को उस समय आपात स्थिति का सामना करना पड़ा जब उसका एक इंजन उड़ान के दौरान फेल हो गया। पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को मुंबई हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट किया और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच रात 9:42 बजे सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में 173 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

17 मिनट हवा में करता रहा चक्कर

सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6271 ने बुधवार रात दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन टेकऑफ के कुछ समय बाद, रात करीब 9:25 बजे पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इंजन फेल होने की जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। लैंडिंग से पहले विमान करीब 17 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा, ताकि सभी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जा सके। अंततः रात 9:42 बजे विमान को मुंबई में उतार लिया गया।

उड़ान भरने में भी हुई थी देरी

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट शाम 7:30 बजे दिल्ली से रवाना होने वाली थी, लेकिन यह करीब 45 मिनट की देरी से रात 8:16 बजे टेकऑफ कर पाई। यह विमान एयरबस A320-271N मॉडल था।

मुंबई एयरपोर्ट पर लागू हुआ इमरजेंसी प्रोटोकॉल

जैसे ही पायलट ने इंजन फेल होने की सूचना दी, मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन अलर्ट जारी कर दिया गया। रनवे पर फायर टेंडर्स और एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर तैनात किया गया था। सुरक्षा बल और मेडिकल टीमों ने सतर्कता के साथ स्थिति को संभाला।

इंडिगो का बयान

घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि, “दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान संख्या 6E-6271 में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद सभी नियमानुसार कदम उठाए गए। विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और हमें खेद है कि उन्हें असुविधा हुई।”



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram