- अमरनाथ यात्रा एक दिन के लिए स्थगित, बिहार में आकाशीय बिजली से 20 की जान गई
नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और मौसम संबंधी आपदाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हिमाचल प्रदेश में 20 जून से शुरू हुई बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 106 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में सरकारी और निजी संपत्तियों को करीब 818 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार को चंडीगढ़-मनाली हाईवे को भूस्खलन के चलते 8 घंटे तक बंद रखा गया, जिसे सुबह 5 बजे खोला गया। मंडी के पंडोह क्षेत्र में हुए लैंडस्लाइड के कारण यह रुकावट हुई। पुलिस ने लोगों से यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।
बिहार में बिजली गिरने से 20 मौतें
बिहार के विभिन्न जिलों में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। नालंदा जिले सहित कई निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं। झारखंड से लगातार पानी आने के कारण फल्गु नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि राज्य में अब तक औसत से 46% कम बारिश दर्ज की गई है।

अमरनाथ यात्रा दिनभर के लिए रोकी गई
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र गुरुवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। खराब मौसम और पटरियों की मरम्मत की आवश्यकता के चलते यह निर्णय लिया गया। हालांकि, पंचतरणी कैंप में रुके यात्रियों को BRO और पर्वतीय बचाव दलों की निगरानी में बालटाल की ओर भेजा जा रहा है। अब तक 2.47 लाख श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। मौसम में सुधार होने पर शुक्रवार से यात्रा दोबारा शुरू की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मूसलधार बारिश
दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक हफ्ते से लगातार तेज बारिश हो रही है। खराब मौसम की वजह से बुधवार को 6 फ्लाइट्स को दिल्ली एयरपोर्ट से डायवर्ट करना पड़ा।
असम में लैंडस्लाइड से 2 की मौत
असम के दीमाहसाओ क्षेत्र में नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं।
प्रयागराज में स्कूल बंद
प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी के चलते गुरुवार को सभी स्कूल बंद कर दिए गए। फाफामऊ से संगम तक जाने वाली सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। स्कूल बंद करने की सूचना देर से भेजी गई, जिससे कई छात्र स्कूल तक पहुंच चुके थे।
