- उत्तर भारत के राज्यों में भी जल्द ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं
- मौसम अलर्ट जारी करते हुए कई राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी दी
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होते ही गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं उत्तर भारत के राज्यों में भी जल्द ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम अलर्ट जारी करते हुए कई राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
मुंबई और पालघर में अलर्ट, जलभराव से जनजीवन प्रभावित
सोमवार को मुंबई के कई इलाकों में तेज़ बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। नवी मुंबई के रेलवे स्टेशनों और आवासीय इलाकों में जलभराव से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। आईएमडी ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले 24-48 घंटों में बेहद भारी वर्षा हो सकती है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल ट्रेनों की गति पर असर पड़ा और यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
गुजरात में सीएम ने दिए विशेष निर्देश
सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश से हालात बिगड़ते दिख रहे हैं। कुछ स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात अवरुद्ध हो गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि कलेक्टरों को राहत और बचाव कार्यों के लिए सतर्क किया गया है। उन्होंने लिखा: “लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, बिजली व पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने, दवाइयों की उपलब्धता और जलनिकासी को लेकर व्यापक तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।” सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे बहते पानी, नदियों और नालों को पार न करें और मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी बदल सकता है मौसम
उत्तर भारत में अभी भी भीषण गर्मी बनी हुई है, लेकिन जल्द ही राहत मिल सकती है।
आईएमडी के मुताबिक:
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 से 22 जून के बीच हल्की से भारी बारिश की संभावना है।
- दिल्ली में 17 जून के बाद बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो सकती है।
- राजस्थान के कुछ हिस्सों में 16 और 17 जून को वज्रपात की चेतावनी है।
- उत्तराखंड में अगले चार दिन तेज बारिश और भूस्खलन की आशंका के साथ सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून की चाल पर नज़र
इस वर्ष मानसून सामान्य समय से कुछ पहले दक्षिण भारत में सक्रिय हुआ, लेकिन उत्तर भारत तक इसकी गति धीमी रही। अब मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 से 7 दिनों में मानसून दिल्ली, यूपी, राजस्थान और बिहार तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच मानसून की यह सक्रियता खेती-किसानी के लिए तो राहत लाएगी ही, साथ ही भीषण गर्मी से जूझ रही आम जनता के लिए भी बड़ी राहत होगी।
