April 19, 2025 8:43 PM

भीषण गर्मी से तप रहा उत्तर और मध्य भारत: 9 राज्यों में हीटवेव अलर्ट, 45 डिग्री तक पहुंचा पारा

heatwave-alert-india-april-2025

नई दिल्ली/भोपाल। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। सोमवार को कई राज्यों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्म हवाएं और लू का प्रकोप और तेज हो गया। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीटवेव का रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में हालात गंभीर, रातें भी गर्म

राजस्थान में जहां दिन का तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं रात का पारा भी सामान्य से कई डिग्री ऊपर जा चुका है। बाड़मेर सोमवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य छह जिलों में ऑरेंज और बारह जिलों में यलो अलर्ट है। उधर, मध्य प्रदेश के 23 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। नर्मदापुरम में 44.3 और रतलाम में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी सोमवार को तापमान 41.6 डिग्री रहा, जो अगले 24 घंटों में 43 डिग्री तक जा सकता है।

10 अप्रैल के बाद मिलेगी थोड़ी राहत

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिन तापमान में कोई खास गिरावट की उम्मीद नहीं है। लू की स्थिति उत्तर-पश्चिम भारत, दिल्ली-NCR, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में बनी रहेगी। हालांकि, 10 अप्रैल के बाद मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है और लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

पहले ही सप्ताह में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

इस साल गर्मी ने अपने पिछले रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं। इंदौर में सोमवार को तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। यह इस वर्ष का सबसे अधिक तापमान था और पिछले 10 वर्षों में अप्रैल के शुरुआती पखवाड़े में रिकॉर्ड किए गए तापमानों में से अधिकतम था। 2020 और 2023 के अप्रैल तापमान भी इस रिकॉर्ड से पीछे रह गए। 2019 में अप्रैल में 43.5 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन इस साल यह आंकड़ा भी जल्दी पार होता नजर आ रहा है।

कई शहरों में जारी है लू का प्रकोप

मध्य प्रदेश के रतलाम, नीमच, गुना, सागर, मंडला जैसे शहरों में तेज गर्म हवाओं के चलते लू के हालात बने हुए हैं। भोपाल में रात का न्यूनतम तापमान भी 2.7 डिग्री बढ़ गया है। गर्म हवाओं और सौर विकिरण के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के कई जिलों में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

बारिश की संभावना कुछ राज्यों में बनी

जहां देश का बड़ा हिस्सा झुलस रहा है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। यहां केरल, तमिलनाडु, असम, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय समेत 8 राज्यों में हल्की बारिश से मौसम थोड़ा राहत भरा हो सकता है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram