- उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य और पूर्वी राज्यों तक तापमान में अचानक उछाल देखा जा रहा
नई दिल्ली। गर्मी ने अब देश के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य और पूर्वी राज्यों तक तापमान में अचानक उछाल देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लू चलने के हालात बन गए हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, बंगाल, ओडिशा जैसे राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है।
राजधानी भी गर्म, रातें भी नहीं राहतभरी
दिल्ली में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.9 और 3.0 डिग्री ज्यादा रहा। यही हाल पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के मैदानी इलाकों का भी रहा, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी उमस भरी और तपती रहीं।
कहां-कहां चलेगी लू?
IMD की ताजा चेतावनी के मुताबिक:
- पूर्वी मध्यप्रदेश में 27 अप्रैल तक लू चल सकती है।
- राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 24 से 29 अप्रैल के बीच लू की संभावना।
- बिहार, ओडिशा, झारखंड और गंगा के मैदानी इलाके, 26 अप्रैल तक लू से प्रभावित हो सकते हैं।
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में 25 से 29 अप्रैल के बीच गर्म हवा चलेगी।
- छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और मध्य भाग, 25 अप्रैल तक गर्मी की मार झेल सकते हैं।
कुछ हिस्सों में राहत की बारिश भी संभव
जहां एक ओर देश के अधिकांश हिस्सों में पारा चढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में कुछ राहत की खबर दी है। 24 से 26 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल, मिजोरम, त्रिपुरा में तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) चल सकती हैं और गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।