इस साल अब तक ₹17,500 तक महंगा हुआ सोना, साल के अंत तक ₹1.10 लाख के पार जाने की उम्मीद
भोपाल। कीमती धातुओं के बाजार में गुरुवार को एक बार फिर तेज़ी देखी गई। सोने और चांदी—दोनों के दामों में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹1,293 बढ़कर ₹93,658 पर पहुंच गया है, जबकि चांदी ₹1,016 की छलांग लगाकर ₹95,588 प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
गोल्ड में साल की शुरुआत से अब तक ₹17,500 की बढ़त
1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था, जो अब ₹17,496 की वृद्धि के साथ ₹93,658 पर पहुंच गया है।
वहीं, चांदी की कीमत भी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹95,588 तक जा चुकी है, यानी इसमें ₹9,571 की तेजी आई है।
चांदी और सोने ने पहले ही बना लिए हैं रिकॉर्ड
- सोना: 21 अप्रैल को ₹99,100 प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई छू चुका है।
- चांदी: 28 मार्च को ₹1,00,934 प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है।

विदेशी बैंक गोल्डमैन सैक्स का अनुमान: ₹1.10 लाख हो सकता है सोना
गोल्डमैन सैक्स, जो विश्व की एक बड़ी इन्वेस्टमेंट बैंक है, उसने हाल ही में एक रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि
“2025 के अंत तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। इस आधार पर भारत में इसका दाम ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।”
यह अनुमान अमेरिका और यूरोप में बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों में बदलाव और वैश्विक अनिश्चितताओं को ध्यान में रखकर लगाया गया है, जिसके चलते निवेशकों का रुझान सुरक्षित संपत्तियों जैसे कि गोल्ड और सिल्वर की तरफ बढ़ रहा है।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह: केवल BIS हॉलमार्क वाला गोल्ड ही खरीदें
बाजार में नकली और मिलावटी सोने से बचने के लिए बीआईएस हॉलमार्क वाला गोल्ड ही खरीदना उपयुक्त माना जाता है। अब हर हॉलमार्क्ड गोल्ड पर एक 6 अंकों का यूनिक HUID नंबर लिखा होता है जो इस तरह होता है—जैसे AZ4524।
यह नंबर सोने की शुद्धता की पहचान कराता है और उपभोक्ता को धोखाधड़ी से बचाता है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा
और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!