बारिश का कहर: पंजाब-हरियाणा में बाढ़ से 29 मौतें, उत्तराखंड-हिमाचल में अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों लगातार बारिश और बाढ़ के कहर से जूझ रहा है। पंजाब के 12 जिले बीते एक हफ्ते से बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 1,312 गांवों के ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 29 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर और गुरदासपुर बताए जा रहे हैं।

पंजाब-हरियाणा में बाढ़ से बिगड़े हालात

पंजाब में बाढ़ का असर पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी दिख रहा है। दोनों राज्यों से होकर बहने वाली नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हरियाणा में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।

  • भिवानी, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में कई जगह जलभराव।
  • कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित।
  • गुरुग्राम प्रशासन ने दफ्तरों में कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के आदेश जारी किए।
publive-image

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा रोकी गई

उत्तराखंड में भी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

  • सभी 13 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद।
  • केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड से 2 लोगों की मौत और 6 घायल।
  • भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा को 5 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है।
publive-image

हिमाचल प्रदेश: 76 साल का रिकॉर्ड टूटा

हिमाचल प्रदेश में इस साल अगस्त महीने में 76 साल की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

  • बीते महीने सामान्य से 68% अधिक बारिश (256.8 मिमी) हुई।
  • शिमला में पिछले 24 घंटे में मकान गिरने और भूस्खलन से 4 लोगों की मौत
  • मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया।
  • 8 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।