नई दिल्ली। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11:45 बजे निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उनके निवास पर सुबह से ही नेताओं और आम लोगों का आना-जाना जारी था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. सिंह के परिजनों को ढांढस भी बंधाया। केंद्र सरकार ने देश में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और तीन बेटियाँ उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह हैं। उपिंदर इतिहासकार, दमन लेखिका और अमृत मानवाधिकार वकील हैं, जो अमेरिका में हैं। उनके अमेरिका से नई दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा एक सुधारवादी नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने देश की प्रगति और विकास में डॉ. सिंह के योगदान की सराहना की।






तिरंगे में लपेटा गया पार्थिव शरीर
लुटियंस दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला नंबर-3 पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। इस बीच, उनके पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ तिरंगे में लपेटा गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके सरकारी आवास 3, मोतीलाल नेहरू मार्ग का दौरा किया।
कैबिनेट ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डॉ. सिंह की स्मृति में शोक प्रस्ताव पारित किया। मंत्रिमंडल ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और पूरे देश में सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया। इस शोक अवधि के दौरान, सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों और सीपीएसयू में आधे दिन का अवकाश रहेगा।
जेपीसी की बैठक स्थगित
वक्फ संशोधन विधेयक पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की दूसरे दिन की बैठक शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद स्थगित कर दी गई। जेपीसी के चेयरमैन जगदंबिका पाल ने बताया कि बैठक में डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, उसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शोक जताया
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। संघ ने एक्स हैंडल पर शोक संदेश जारी किया और उनकी आर्थिक नीतियों को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा संजोया जाएगा।
डॉ. सिंह के निधन पर दुनिया भर से शोक
अमेरिका, कनाडा, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव, अफगानिस्तान सहित अन्य देशों के नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व भारत-अमेरिका संबंधों में एक बड़े निवेश के रूप में देखा जाएगा।
कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर, श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड, मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद और अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।