- कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ के दौरान बड़ा हंगामा हो गया
- हालात को काबू करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया
कुरुक्षेत्र (हरियाणा) । कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ के दौरान शनिवार को भोजन व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया, जिसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विवाद के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें 15 वर्षीय आशीष तिवारी घायल हो गए। इसके अलावा, प्रिंस शुक्ला को पत्थर लगने से चोट आई है।
तनाव के बीच पुलिस बल तैनात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद ब्राह्मण समाज के लोगों को कथित रूप से बासी भोजन परोसे जाने को लेकर हुआ। जब विवाद बढ़ा, तो सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद गुस्साए ब्राह्मण समाज के लोगों ने कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की और रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।
महायज्ञ पर संकट के बादल
यह महायज्ञ 18 मार्च को शुरू हुआ था और 27 मार्च तक चलने वाला था। इसमें प्रतिदिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। अब इस विवाद के बाद महायज्ञ के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा समेत कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं। जांच में जुटी पुलिसपुलिस ने घटनास्थल से तीन से चार राउंड गोलियों के खोल बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रहा है, लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है।