चुनाव आयोग पर विश्वास बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत का चुनाव आयोग दुनिया की सबसे पारदर्शी और विश्वसनीय संस्थाओं में से एक है। इसकी बदौलत भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में सत्ता का परिवर्तन सहजता से संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग के पीछे जनता का विश्वास बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। विपक्ष को वोट चोरी जैसे आरोप लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह लोकतंत्र और जनमत दोनों का अपमान है।”


582 करोड़ की अमृत 2.0 परियोजना का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अमृत 2.0 परियोजना के अंतर्गत 582.32 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न जलापूर्ति संबंधी कार्यों और 16.76 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के 50 विकास कार्यों के भूमिपूजन अवसर पर बोल रहे थे। कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम कर्मियों और सफाई मित्रों का सम्मान भी किया और नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

publive-image

भोपाल को मिलेगी मेट्रो और शिकारों की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राजधानी भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

  • अक्टूबर 2025 तक भोपाल में मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
  • बड़ा तालाब में पर्यटन विकास निगम के सहयोग से कश्मीर की डल झील की तर्ज पर शिकारों का संचालन होगा।
  • शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य द्वार और विशाल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है।
  • वेस्टर्न बायपास का विकास भोपाल और आसपास के जिलों के आवागमन को सुगम बनाएगा।

अमृत 2.0 से 30 हजार घरों तक पहुंचेगा स्वच्छ जल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता और जीवटता के परिणामस्वरूप ही अमृत 2.0 परियोजना में भोपाल शहर के 30 हजार घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तीव्र गति से हो रहा है। प्रदेश के 295 नगरों में विकास कार्य प्रगति पर हैं।


नगरीय विकास की ऐतिहासिक जड़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में नगरीय व्यवस्था प्राचीनकाल से ही व्यवस्थित और समृद्ध रही है। हड़प्पा और मोहनजोदड़ो की सभ्यताओं के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नगरीय निकायों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि योजनाओं का पहला क्रियान्वयन इन्हीं संस्थाओं के माध्यम से होता है।

publive-image

लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था पर भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। इसका श्रेय लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और जनता के विश्वास को जाता है। उन्होंने कहा कि भोपालवासियों ने विलीनीकरण आंदोलन से लेकर अब तक जीवंत लोकतांत्रिक संस्कारों का परिचय दिया है। लोकतांत्रिक संस्थाओं की सक्रियता और भारतीय सेना की सुरक्षा ने देशवासियों को आत्मविश्वास दिया है, जिसके चलते अर्थव्यवस्था और विकास की गति निरंतर बढ़ रही है।