सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित है। उन्होंने दो टूक कहा, “सरकार के द्वार बहनों के लिए हमेशा खुले हैं।” सीधी में आयोजित राज्य स्तरीय हितलाभ वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1552 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर कर योजना की 24वीं किश्त जारी की। अब तक बहनों को इस योजना से कुल 28 हजार करोड़ रुपए से अधिक का लाभ मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने मंच से बहनों के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल योजना नहीं, बल्कि उनका अपने प्रदेश की बेटियों से किया गया वचन है। उन्होंने इसे ‘हर माह का रक्षाबंधन’ बताते हुए कहा कि 1250 रुपए की मासिक सहायता से घर-घर में लक्ष्मी बनी रहती है।
डॉ. यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की संस्कृति नारी सम्मान की संस्कृति है। हमने जो वादा बहनों से किया था, उसे निभाया है और आगे भी निभाते रहेंगे। भगवान श्रीराम की संस्कृति को मानते हुए हम वचनों को प्राणों से भी अधिक मानते हैं।
किसान, गरीब और युवाओं के लिए भी संकल्पबद्ध सरकार
सीधी में हुए इस समारोह में मुख्यमंत्री ने केवल बहनों को ही नहीं, किसानों और पेंशन हितग्राहियों को भी बड़ी सौगातें दीं। 56.83 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 341 करोड़ रुपए स्थानांतरित किए गए। साथ ही 26 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 30.83 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी गई।
किसानों के लिए डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत भी राशि भेजी जा रही है। गेहूँ की खरीदी 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की गई है। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि वर्ष 2003 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11200 रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.52 लाख रुपए तक पहुंच गई है। सरकार का लक्ष्य 2047 तक यह आय 22.5 लाख रुपए तक ले जाना है।

सीधी को 112 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सीधी जिले को 112 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात दी। लोकार्पण और भूमि-पूजन करते हुए उन्होंने कहा कि यह विकास के संकल्प का हिस्सा है, जिससे सीधी का चौमुखी विकास सुनिश्चित होगा।
विंध्य क्षेत्र को बताया सैन्य पराक्रम की धरती
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में विंध्य क्षेत्र को वीरता और सैन्य नेतृत्व की भूमि बताया। उन्होंने कहा कि यहां से सेना और नौसेना के शीर्ष अधिकारी निकले हैं, यह विंध्य की गौरवगाथा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को करारा जवाब दिया है और दुनिया को सिंदूर के असली अर्थ का अहसास कराया है। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या का बदला लेकर सेना ने सीमा पर दिवाली मनाई है।
आदिवासी परंपराओं के साथ स्वागत, विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का परंपरागत करमा लोकनृत्य और आदिवासी शैली में स्वागत किया गया। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्वयं लड्डू खरीदकर उसका स्वाद भी लिया। साथ ही, बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सीधी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!