- मध्यप्रदेश निवेशकों का ऐसा साझेदार जो व्यवसाया को नई ऊंचाई पर ले जाएगा:मुख्यमंत्री
- लंदन में मुख्यमंत्री ने की निवेशकों से चर्चा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लंदन में निवेशकों और उद्योग जगत के अग्रणी लीडर्स के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग्स कर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवकरणीय ऊर्जा, कृषि व्यवसाय, अधोसंरचना, स्वास्थ्य सेवा और आईटी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के अवसरों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को राज्य की व्यापार अनुकूल नीतियों और प्रोत्साहनों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योग और नवाचार के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक क्षमता और इसके माध्यम से सतत विकास एवं नवाचार को बढ़ावा देने की अपनी दूरदर्शी सोच साझा की, जिसकी निवेशकों ने सराहना की। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश, निवेशकों के लिए न केवल अवसरों का केंद्र है, बल्कि एक ऐसा साझेदार है, जो उनके व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा। उन्होंने प्रदेश में उद्योगों को सुगमता से स्थापित करने और संचालन के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही अधोसंरचना, कुशल कार्यबल और अन्य संसाधनों पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने मुंबई हमले की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर लंदन स्थित इंडिया हाउस में आयोजित स्मरण समारोह में सहभागिता कर हमले के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहस व बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 26/11 से जुड़ी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुरैन में हुए हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने मुरैना जिले के थाना कोतवाली अंतर्गत राठौर कॉलोनी में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि एक मकान में विस्फोट की घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। इस घटना में 4 लोगों की असामयिक मृत्यु होने और 5 लोगों के घायल होने का समाचार है। डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन मुरैना को घटना के मूल कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर घायलों को तत्काल ग्वालियर रेफर किया गया। घायलों का समुचित उपचार भी किया गया।