July 19, 2025 12:46 AM

9 कैरेट सोने पर भी अब हॉलमार्क अनिवार्य: सोने की शुद्धता को लेकर BIS का बड़ा फैसला, कीमतें भी आसमान पर

bis-hallmark-now-mandatory-for-9-carat-gold-jewellery-india-2025

अब 9 कैरेट सोने पर भी अनिवार्य हॉलमार्किंग, कीमत ₹98,243 प्रति 10 ग्राम पहुंची

नई दिल्ली। अब अगर आप 9 कैरेट सोने की ज्वेलरी खरीदने जा रहे हैं, तो उसके ऊपर भी अब हॉलमार्क ज़रूरी होगा। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 18 जुलाई से एक नया नियम लागू करते हुए 9 कैरेट (375 ppt) सोने को अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे में शामिल कर दिया है। अब तक 14 कैरेट से लेकर 24 कैरेट तक की ज्वेलरी पर ही हॉलमार्किंग अनिवार्य थी, लेकिन अब इसमें 9 कैरेट भी जुड़ गया है।

ग्राहकों को मिलेगी शुद्धता की पक्की जानकारी

हॉलमार्किंग से ग्राहकों को सोने की शुद्धता की पुष्टि मिलती है। BIS अधिनियम, 2016 के तहत यह प्रमाणन प्रणाली लागू है। अब 9 कैरेट सोना भी जब बाजार में बिकेगा, तो उस पर भी हॉलमार्किंग अनिवार्य होगी ताकि ग्राहक को गहनों की शुद्धता के बारे में सही जानकारी मिल सके। यह बदलाव खासकर उन खरीदारों के लिए फायदेमंद होगा जो कम कैरेट के गहनों में निवेश करते हैं।

घड़ियों और पेन पर नहीं लगेगा हॉलमार्क

बीआईएस ने नियमों में एक और अहम बदलाव किया है। अब सोने से बनी घड़ियां और पेन ‘कलाकृति’ की श्रेणी से बाहर कर दिए गए हैं। इसका मतलब यह है कि इन पर अब हॉलमार्क लगाना जरूरी नहीं रहेगा। पहले इन वस्तुओं पर भी शुद्धता दर्शाने के लिए हॉलमार्क लगाया जाता था।

सोने के सिक्कों के लिए भी नया प्रावधान

बीआईएस ने 24 कैरेट सोने के सिक्कों को लेकर भी नियम स्पष्ट किए हैं। अब केवल 24KF या 24KS (पतली शीट से बने सिक्के) को ही पूर्ण रूप से शुद्ध माना जाएगा। ये सिक्के केवल अधिकृत टकसाल या रिफाइनरी द्वारा ही बनाए जा सकेंगे। साथ ही, इन पर कोई वैध मुद्रा मूल्य नहीं होना चाहिए।


सोने-चांदी की कीमतों में उछाल

18 जुलाई को सोने और चांदी के दाम में जोरदार बढ़त दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोना ₹790 की तेजी के साथ ₹98,243 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले इसका मूल्य ₹97,453 था।

वहीं चांदी भी ₹1,700 महंगी होकर ₹1,12,700 प्रति किलोग्राम हो गई है। 14 जुलाई को चांदी ने ₹1,13,867 का सर्वकालिक उच्च स्तर भी छुआ था।

सोना भी 8 जून को ₹99,454 के ऑल टाइम हाई तक पहुंचा था।


प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें

  • दिल्ली: ₹99,520 (24K), ₹91,250 (22K)
  • मुंबई: ₹99,380 (24K), ₹91,100 (22K)
  • कोलकाता: ₹99,380 (24K), ₹91,100 (22K)
  • चेन्नई: ₹99,380 (24K), ₹91,100 (22K)
  • भोपाल: ₹99,420 (24K), ₹91,150 (22K)

इस साल कितना महंगा हुआ सोना?

1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था। 18 जुलाई तक यह ₹22,081 महंगा होकर ₹98,243 पर पहुंच गया।
चांदी की बात करें तो यह ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹1,12,700 पर पहुंची है, यानी ₹26,683 की उछाल।

2024 में पूरे साल सोना ₹12,810 महंगा हुआ था, जबकि 2025 में यह आधे साल में ही लगभग दोगुना बढ़ चुका है।


2030 तक 1.68 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो सकता है सोना

विघ्नहर्ता गोल्ड के चेयरमैन महेंद्र लुनिया के अनुसार आने वाले वर्षों में भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक मंदी और निवेशकों की रूचि के चलते सोने की कीमतें लगातार बढ़ सकती हैं। उनका अनुमान है कि वर्ष 2030 तक सोना ₹1.68 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच सकता है।


सोना खरीदते समय रखें दो बातें याद

  1. सिर्फ हॉलमार्क वाला सोना ही लें
    BIS द्वारा प्रमाणित छह अंकों वाला हॉलमार्क नंबर (HUID) जरूर जांचें। यह अल्फान्यूमेरिक कोड जैसे AZ4524 होता है। इससे शुद्धता और कैरेट की सटीकता की पुष्टि होती है।
  2. वास्तविक कीमत की जांच करें
    सोने की कैरेट और ग्राम के अनुसार उसकी कीमत की जांच करें। उदाहरण के लिए, यदि 24 कैरेट सोना ₹60,000 प्रति 10 ग्राम है, तो एक ग्राम का मूल्य ₹6,000 होगा। एक कैरेट की कीमत ₹250 होगी, और यदि गहना 18 कैरेट का है, तो उसकी कीमत होगी 18×250 = ₹4,500 प्रति ग्राम।


Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram