बांद्रा में सिलेंडर ब्लास्ट से तीन मंजिला चॉल गिरी, 12 लोग सुरक्षित निकाले गए

मुंबई। मुंबई के पश्चिमी उपनगर बांद्रा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह यहां एक तीन मंजिला चॉल अचानक ढह गई। हादसे की वजह रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट बताई जा रही है। यह घटना बांद्रा पूर्व के भारत नगर इलाके की चॉल नंबर 37 में सुबह करीब 5:56 बजे हुई।

publive-image

सिलेंडर ब्लास्ट के बाद ढही इमारत
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इमारत में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिससे भवन का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि हादसे के वक्त कई लोग चॉल के अंदर सो रहे थे। इससे मलबे में दबे होने की आशंका बढ़ गई है।

12 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया
मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

publive-image

राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही 8 दमकल गाड़ियों, मुंबई पुलिस और BMC की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं।

publive-image

आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल
इस हादसे के बाद भारत नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। इलाके की बिजली एहतियातन काट दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा।

अधिकारियों ने क्या कहा?
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना और उन्हें चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। घटनास्थल पर सभी संबंधित एजेंसियां सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।”



https://swadeshjyoti.com/landslide-on-baltal-route-amarnath-yatra-halted/