जामनगर। उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी इन दिनों एक विशेष धार्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं, जो उनके आध्यात्मिक जुड़ाव का प्रतीक बन गई है। भगवान द्वारकाधीश के दर्शन के लिए जामनगर से द्वारका तक पैदल यात्रा कर रहे अनंत की इस पदयात्रा में शुक्रवार को एक विशेष नाम भी जुड़ गया—बागेश्वरधाम सरकार के आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री।
सुबह 5 बजे शुरू हुई यात्रा, नंगे पैर जुड़े शास्त्री
शुक्रवार को पदयात्रा का आठवां दिन था। सुबह 5 बजे जामनगर के महादेवडिया गांव से यात्रा की शुरुआत हुई, जो दिनभर चलने के बाद खाड़ी क्षेत्र के समीप रुकी। इस यात्रा में धीरेन्द्र शास्त्री बिना चप्पल के नंगे पांव जुड़े, जिससे लोगों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बन गया।
धीरेंद्र शास्त्री का भावुक बयान
यात्रा में शामिल होते हुए आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“यह भक्ति और शक्ति की यात्रा है। मेरे परम मित्र अनंत अंबानी द्वारकाधीश के चरणों में शीश नवाने जा रहे हैं। उनका तन निरोगी है, मन तंदरुस्त है और श्रद्धा से भरा हुआ है। मैं गौरवान्वित हूं कि इस पवित्र यात्रा में उनके साथ कदम से कदम मिला रहा हूं।”
शास्त्री ने आगे कहा,
“इस यात्रा से मैं यह संदेश देना चाहता हूं कि चाहे इंसान कितना भी बड़ा हो जाए, उसे जमीन से जुड़ा रहना चाहिए। कोई भी इमारत हवा में नहीं टिकती, उसे ज़मीन चाहिए। इसी तरह श्रद्धा और विनम्रता ही मनुष्य की असली पहचान है।”
अनंत अंबानी के जन्मदिन पर द्वारका में होंगे दर्शन
अनंत अंबानी 10 अप्रैल को अपना जन्मदिन द्वारकाधीश मंदिर में मना रहे हैं। इसीलिए वे जामनगर स्थित रिलायंस टाउनशिप से लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय कर पैदल द्वारका पहुंचने की योजना पर हैं। हर दिन वे 10 से 12 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं।
200 ब्राह्मणों का साथ, भजन-कीर्तन का माहौल
इस आध्यात्मिक पदयात्रा में अनंत अंबानी के साथ 200 ब्राह्मण भी पैदल चल रहे हैं, जो मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए भक्ति का संचार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में अनंत अंबानी को देखने और उनके साथ कदम से कदम मिलाने की भारी उत्सुकता देखी गई।
यह यात्रा सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और आत्मिक एकता का भी प्रतीक बनती जा रही है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा।
और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!