मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निनोरा में आनंदमय वेलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र का किया शुभारंभ

उज्जैन, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन जिले के निनोरा गांव में ‘आनंदमय वेलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। योग के अभ्यास से मनुष्य न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्म-जागरूकता भी प्राप्त करता है।

publive-image

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन नगरी का हर युग में अपना अलग महत्व रहा है। इस पवित्र भूमि ने अनेक ऋषि-मुनियों को साधना का मार्ग दिखाया है। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह वेलनेस योग केंद्र स्थापित किया गया है, जहां नागरिकों को योग के गूढ़ रहस्यों को समझने और उसका अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह केंद्र न केवल देश के लोगों के लिए, बल्कि विदेशों से आने वाले योग साधकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

डॉ. यादव ने कहा कि आयुर्वेद और योग चिकित्सा की प्राकृतिक विधियों से शरीर के विकारों का उपचार संभव है। हमारी सनातन संस्कृति सदैव हमें प्रकृति से जुड़कर रहने की प्रेरणा देती है। योग के माध्यम से हम अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इसके प्रचार का प्रतीक बन चुका है।

उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि इस केंद्र में विदेशी नागरिक भी योग का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने देशों में योग और भारतीय संस्कृति का प्रचार करेंगे। इससे न केवल भारत की प्राचीन परंपरा को सम्मान मिलेगा, बल्कि उज्जैन जैसे पवित्र नगर का नाम भी वैश्विक मंच पर और ऊँचा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग अपनाना हर नागरिक के लिए आवश्यक है, क्योंकि यह जीवन में अनुशासन, शांति और सन्तुलन लाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित योगाचार्य स्वामी ओमानंद गुरुजी महाराज ने मुख्यमंत्री की योग के प्रति रुचि की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं प्रतिदिन योगाभ्यास करते हैं और यही कारण है कि वे प्रदेश की सेवा में सदैव ऊर्जावान बने रहते हैं। उन्होंने बताया कि आनंदमय वेलनेस योग केंद्र का भूमि पूजन भी मुख्यमंत्री के द्वारा ही किया गया था और आज उनका हाथों से इसका लोकार्पण होना अत्यंत हर्ष का विषय है।

ओमानंद गुरुजी ने कहा कि आने वाले समय में इस संस्थान में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म, ध्यान और अन्य वेलनेस सेवाएं भी आरंभ की जाएंगी। यह केंद्र शरीर, मन और आत्मा के शुद्धिकरण का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र भारती, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, एडीएम अत्येन्द्र सिंह गुर्जर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

publive-image

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि इस केंद्र में विदेशी नागरिकों सहित स्थानीय लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहाँ योग और थेरेपी के माध्यम से अवसाद, तनाव और मानसिक विकारों का उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही शासकीय धन्वंतरी आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय और आनंदमय वेलनेस सेंटर के बीच एक समझौता (एमओयू) भी किया गया है, जिसके तहत दोनों संस्थान आपसी सहयोग से आयुर्वेद और अन्य चिकित्सा सेवाओं का संचालन करेंगे।

केंद्र में इस समय अमेरिका, चेक गणराज्य और चेकोस्लोवाकिया से आए लगभग 22 विदेशी नागरिकों ने योग प्रशिक्षण प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण पिछले 10 दिनों से ऑनलाइन चल रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन विदेशी नागरिकों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आनंदमय वेलनेस योग केंद्र न केवल उज्जैन के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए एक आदर्श संस्था के रूप में कार्य करेगा। यह केंद्र योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की प्राचीन भारतीय परंपरा को विश्व स्तर पर पहचान दिलाएगा।

इस अवसर पर योगाचार्य ओमानंद गुरुजी महाराज, गुरु माता सुनीता देवी जी और सेंटर के इंचार्ज ओमप्रकाश टेलर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए अतिथियों ने भी भाग लिया और भारत की योग परंपरा की सराहना की।