अंबानी परिवार की संपत्ति 28 लाख करोड़, अडाणी से दोगुनी; हुरुन-बार्कलेज रिपोर्ट
नई दिल्ली। अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला अंबानी परिवार देश का सबसे धनाढ्य पारिवारिक व्यवसाय बना हुआ है। हुरुन-बार्कलेज की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, अंबानी परिवार की कुल संपत्ति 28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो अडाणी परिवार की 14.01 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति से दोगुनी से भी अधिक है। पिछले एक वर्ष में अंबानी परिवार की संपत्ति में 10% की वृद्धि दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह वृद्धि उन्हें देश में सबसे मूल्यवान पारिवारिक व्यवसाय का खिताब बनाए रखने में मदद करती है। दूसरी ओर, अडाणी समूह, जिसे पहली पीढ़ी के उद्यमी गौतम अडाणी ने खड़ा किया, देश का सबसे मूल्यवान “फर्स्ट-जेनरेशन” व्यवसाय बना हुआ है।

अन्य शीर्ष पारिवारिक व्यवसाय
- कुमार मंगलम बिड़ला परिवार: संपत्ति में 20% की बढ़ोतरी के साथ 6.47 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति, सूची में एक पायदान ऊपर आकर दूसरे स्थान पर।
- जिंदल परिवार: 21% वृद्धि के साथ 5.70 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति, तीसरे स्थान पर।
- बजाज परिवार: 21% गिरावट के साथ 5.64 लाख करोड़ रुपये, चौथे स्थान पर खिसका।
अरबपतियों की संख्या में उछाल
रिपोर्ट के अनुसार, बीते एक साल में भारत में 124 नए अरबपति जुड़े। अब 1 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 8,700 करोड़ रुपये) से अधिक संपत्ति रखने वाले परिवारों की संख्या 37 से बढ़कर 161 हो गई है। शीर्ष 300 परिवारों ने बीते वर्ष प्रतिदिन औसतन 7,100 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की।
इनमें से एक-चौथाई से अधिक कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं हैं। दिलचस्प बात यह है कि केवल 11% व्यवसाय सेवा क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि शेष 89% भौतिक उत्पादों का कारोबार करते हैं।
मुंबई के पास सबसे अधिक अमीर परिवार
रिपोर्ट में बताया गया कि देश के सबसे धनाढ्य परिवारों में मुंबई से 91, दिल्ली-एनसीआर से 62 और कोलकाता से 25 परिवार हैं। बीते वर्ष नौ नए परिवार सूची में शामिल हुए, जो अपने व्यवसाय का संचालन परिवार के बाहर से नियुक्त पेशेवर सीईओ के जरिए कर रहे हैं। अब ऐसे परिवारों की संख्या 62 हो गई है।
संपत्ति हस्तांतरण का अनुमान
बार्कलेज प्राइवेट बैंक के प्रमुख नितिन सिंह ने रिपोर्ट में कहा कि अगले पांच वर्षों में 130 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति पीढ़ियों के बीच स्थानांतरित होने की संभावना है। इस समय देश में 71 परिवार समर्पित पारिवारिक कार्यालय संचालित कर रहे हैं, जो धन के प्रबंधन और निवेश के लिए कार्यरत हैं।
स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!