July 13, 2025 2:33 AM

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सपत्नीक श्रावण के पवित्र माह में भगवान श्री महाकाल के भस्मारती दर्शन किए

cm-mohan-yadav-bhasmarti-darshan-ujjain-sawan-visit

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक किए महाकाल के भस्मारती दर्शन

उज्जैन। श्रावण माह के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव के साथ प्रातःकाल श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भस्मारती के पावन दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री महाकाल का पूजन भी किया, जो पुजारी श्री आकाश गुरु द्वारा संपन्न करवाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में भ्रमण कर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके दर्शन अनुभव के बारे में जानकारी ली। अयोध्या से आई एक महिला श्रद्धालु ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि दर्शन पूरी सुलभता और सुविधा के साथ संपन्न हुए।

श्रद्धा, विकास और रोजगार का समन्वय
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा श्री महाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश की प्रगति में मजबूती से सहभागी बन रहा है। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को इंदौर में आयोजित इन्वेस्टर समिट में जो निवेश प्राप्त हुआ है, उससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

cm-mohan-yadav-bhasmarti-darshan-ujjain-sawan-visit

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में विश्वस्तरीय रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम लागू किए जा रहे हैं, जिससे युवा प्रतिस्पर्धी बन सकें। प्रदेश में तीन लाख से अधिक रोजगार सृजन, पांच लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रमोशन, और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35% आरक्षण जैसी पहल सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कांवड़ यात्रियों सहित सभी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं और उचित प्रबंधन सुनिश्चित किए जा रहे हैं। सरकार “सर्वजन हिताय” के ध्येय को आत्मसात कर सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।

शिप्रा नदी में डुबकी, तैरते हुए पहुंचे किनारे
भस्मारती के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव नरसिंह घाट पहुंचे, जहां उन्होंने शिप्रा नदी में डुबकी लगाई। घाट पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने तैराकों को पीछे कर स्वयं नदी में प्रवेश किया और तैरते हुए बीच धारा तक पहुंचे। स्नान के बाद उन्होंने भगवान शिव का पूजन किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका नरसिंह घाट पर दूसरा स्नान था। घाट की गहराई को देखते हुए सुरक्षा बल तैनात थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने बिना हिचकिचाहट डुबकी लगाई और कुछ दूरी तक तैरते भी गए।

लाड़ली बहना और श्रमिक हित में योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली बहनों सहित सभी वर्गों से किए गए वादों को सरकार पूरी निष्ठा से पूरा कर रही है। उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों को ₹5000 तक का इनसेंटिव देने का संकल्प भी श्री महाकाल की कृपा से पूर्ण किया जाएगा।


Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram