July 12, 2025 10:29 PM

27 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नामीबिया दौरा: मोदी का पारंपरिक स्वागत, हीरा-यूरेनियम व्यापार पर होगी बात

pm-modi-namibia-visit-2025

पीएम मोदी का नामीबिया दौरा: 27 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा

विंडहोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीकी देश नामीबिया के दौरे पर पहुंच गए हैं। यह दौरा इस लिहाज से ऐतिहासिक है क्योंकि 27 वर्षों बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री नामीबिया पहुंचा है। इससे पहले 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी और 1990 में वीपी सिंह जैसे वरिष्ठ नेता वहां गए थे।

एयरपोर्ट पर हुआ पारंपरिक स्वागत

विंडहोक एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक नृत्य और संगीत से जोरदार स्वागत किया गया। मोदी ने इस सांस्कृतिक समारोह में स्थानीय कलाकारों के साथ ड्रम भी बजाया। स्वागत समारोह के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

नामीबिया के राष्ट्रपति से मुलाकात और द्विपक्षीय वार्ता

मोदी की इस यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा से होगी। दोनों देशों के बीच हीरा व्यापार, आवश्यक खनिज, और यूरेनियम की आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया की संसद को भी संबोधित करेंगे।

हीरा व्यापार को लेकर भारत की रणनीतिक रुचि

नामीबिया दुनिया में समुद्री हीरों के सबसे बड़े भंडारों में से एक है। समुद्र के नीचे यहां लगभग 80 मिलियन कैरेट हीरा मौजूद है। हालांकि, नामीबिया अभी भारत को डायरेक्ट कच्चा हीरा निर्यात नहीं करता, बल्कि यह लंदन, एंटवर्प जैसे वैश्विक बाजारों के जरिए भारत पहुंचता है। मोदी की यात्रा का एक उद्देश्य डायरेक्ट हीरा एक्सपोर्ट के लिए आधार बनाना भी है, जिससे हीरा व्यापार में लागत और समय दोनों कम हो सकें।

भारत का निवेश और भविष्य की संभावनाएं

भारत की कई डायमंड प्रोसेसिंग कंपनियां पहले से ही नामीबिया में सक्रिय हैं। अब तक भारत ने नामीबिया में 800 मिलियन डॉलर (करीब ₹6,600 करोड़) से अधिक का निवेश किया है, जो माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग, डायमंड प्रोसेसिंग और सर्विस सेक्टर से जुड़ा है।

नामीबिया में कोबाल्ट, लिथियम और दुर्लभ मृदा तत्व (Rare Earth Minerals) जैसे खनिज भी पाए जाते हैं, जो भारत के क्लीन एनर्जी मिशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा, नामीबिया यूरेनियम का प्रमुख उत्पादक देश है, जो भारत के सिविल न्यूक्लियर एनर्जी प्रोग्राम में अहम भूमिका निभा सकता है।

अफ्रीकी देशों के साथ बढ़ती साझेदारी

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 2 जुलाई से 10 जुलाई तक की पांच देशों की विदेश यात्रा का हिस्सा है। इस दौरे में घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया शामिल हैं। अफ्रीकी देशों के साथ भारत की कूटनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिहाज से यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है।



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram