July 7, 2025 10:03 PM

देशभर में बारिश का कहर: उत्तराखंड, हिमाचल, एमपी और यूपी में जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बंद, बाढ़ का खतरा बढ़ा

heavy-rain-flood-landslide-india-2025

: देशभर में भारी बारिश से तबाही: उत्तराखंड, हिमाचल, एमपी और यूपी में बाढ़ और भूस्खलन का संकट

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की बारिश आफत बनकर टूट रही है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कहीं पुल बह गए हैं तो कहीं पहाड़ खिसकने से रास्ते बंद हो गए हैं। कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।


उत्तराखंड: पुल बहा, हाईवे बंद

उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश हो रही है। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी क्षेत्र में एक पुल बह गया, जिससे आसपास के गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। वहीं, श्रीनगर में मूसलधार बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिससे बद्रीनाथ हाईवे बाधित हो गया है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


मध्य प्रदेश: शहडोल में 3 हजार घरों में घुसा पानी

शहडोल जिले में पिछले 24 घंटे में लगभग 4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। आधी रात के समय अचानक पानी भरने से करीब 3,000 घर जलमग्न हो गए। हालात इतने खराब हो गए कि जिला अस्पताल में भी पानी घुस गया, जिससे मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। इसके अलावा, रेलवे ट्रैक डूबने से ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित रही और करीब 4 घंटे तक ट्रेन सेवाएं ठप रहीं।


हिमाचल प्रदेश: बादल फटने, बाढ़ और लैंडस्लाइड की बाढ़

हिमाचल प्रदेश में 20 जून से लेकर 6 जुलाई तक भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। इस दौरान राज्य में 19 बार बादल फटने, 23 बार बाढ़ और 19 बार भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे 269 सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। अब तक बारिश से संबंधित हादसों में 82 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


उत्तर प्रदेश: सरयू और गंगा ने बढ़ाई चिंता

उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर 91.35 मीटर तक पहुंच गया है, जो चेतावनी स्तर से सिर्फ 20 सेंटीमीटर नीचे है। बीते 24 घंटे में ही नदी का जलस्तर 24 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं, कानपुर में गंगा नदी के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और बस्तियों की निगरानी की जा रही है।



Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram