हेमंत खंडेलवाल बने मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष, वीडी शर्मा ने सौंपी कमान
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा को बुधवार को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया। बैतूल से विधायक और वरिष्ठ नेता हेमंत खंडेलवाल को पार्टी का नया अध्यक्ष निर्विरोध रूप से चुना गया। चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उनके नाम की घोषणा की। खंडेलवाल ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया था, और उनके खिलाफ किसी अन्य ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका चुनाव सर्वसम्मति से हो गया।
वीडी शर्मा ने सौंपी पार्टी की ध्वज, भावुक हुए
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा ने हेमंत खंडेलवाल को पार्टी ध्वज सौंपा और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शर्मा भावुक हो गए और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से विदाई लेते हुए कहा कि अगर उनके किसी आचरण से किसी को दुख पहुंचा हो तो वे क्षमा चाहते हैं।

शर्मा ने कहा कि उनके पांच साल चार महीने के कार्यकाल के पीछे प्रदेश के 41 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण रहा है, जिन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया। उन्होंने संगठनात्मक चुनावों से लेकर लोकसभा और विधानसभा चुनावों तक पार्टी को सफलता दिलाने का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया।

शिवराज सिंह चौहान ने दी बधाई
इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडी शर्मा की सराहना करते हुए उन्हें “भाजपा का शुभंकर” बताया। उन्होंने कहा कि शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने हर स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया और संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। शिवराज ने हेमंत खंडेलवाल को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि वे भी पूरी निष्ठा और नेतृत्व क्षमता के साथ संगठन को आगे बढ़ाएंगे।
भाजपा के संविधान में खास नियम
भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी संभव है, जब देश के 50% राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो जाए। हाल ही में मध्य प्रदेश के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी नए प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। इनमें से अधिकांश निर्विरोध चुने गए। इससे अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है।
कई राज्यों में नए चेहरों को मौका
- हिमाचल प्रदेश: राजीव बिंदल को तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
- उत्तराखंड: महेंद्र भट्ट को दूसरी बार जिम्मेदारी सौंपी गई।
- महाराष्ट्र: रवींद्र चव्हाण को पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
- आंध्र प्रदेश: पीएनवी माधव को कमान दी गई।
- तेलंगाना: रामचंदर राव को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, हालांकि इस पर विवाद भी हुआ। गोशामहल से विधायक टी. राजा ने इस फैसले का विरोध करते हुए 30 जून को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

खंडेलवाल दूसरी बार मध्य क्षेत्र से अध्यक्ष
हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश भाजपा के संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले मध्य क्षेत्र के दूसरे नेता हैं। इससे पहले इसी क्षेत्र से शिवराज सिंह चौहान भी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। चौहान ने मई 2005 से फरवरी 2006 तक यह पद संभाला था, उसके बाद वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

वीडी शर्मा का ऐतिहासिक कार्यकाल
वीडी शर्मा 15 फरवरी 2020 को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने थे। पार्टी ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकाल विस्तार दिया। वे एक ही कार्यकाल में 5 साल 4 महीने तक अध्यक्ष पद पर बने रहे, जो मध्य प्रदेश भाजपा के इतिहास में सबसे लंबा कार्यकाल है। इससे पहले सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी और नरेन्द्र सिंह तोमर जैसे वरिष्ठ नेता दो बार प्रदेशाध्यक्ष तो बने, लेकिन कोई भी इतने लंबे समय तक एक कार्यकाल में पद पर नहीं रहा।
शर्मा के नेतृत्व में भाजपा को पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में उल्लेखनीय सफलता मिली, जिसके कारण उन्हें एक सफल और मजबूत प्रदेशाध्यक्ष के रूप में याद किया जा रहा है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!