July 4, 2025 2:48 PM

हिमाचल के मंडी में चार जगह फटा बादल: बाढ़ और भूस्खलन से 1 की मौत, 13 से ज्यादा लोग फंसे

  • उत्तराखंड में यमुनोत्री और बद्रीनाथ हाईवे बंद, राजस्थान में 136% ज्यादा बारिश

नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मानसून अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जुलाई महीने में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। विशेष रूप से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश: मंडी में तबाही, बादल फटने से मची अफरा-तफरी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात चार स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिससे इलाके में बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाएं आ गईं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

उत्तराखंड: बद्रीनाथ और यमुनोत्री मार्ग बंद

भारी बारिश के कारण उत्तराखंड में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग पर सतपुली के पास भूस्खलन के कारण पौड़ी-मेरठ नेशनल हाईवे बंद हो गया है। वहीं उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन और सड़कों के कुछ हिस्सों के बह जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु फंसे हुए हैं।

राजस्थान: मानसून ने तोड़े रिकॉर्ड

राजस्थान में इस बार मानसून रिकॉर्ड तोड़ रहा है। 1 से 29 जून के बीच राज्य में सामान्य से 136 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। सामान्यत: इस अवधि में औसत बारिश 50.7 मिमी होती है, लेकिन इस वर्ष अब तक 119.4 मिमी वर्षा हो चुकी है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram