July 31, 2025 1:03 AM

पुणे में भीषण सड़क हादसा: खड़ी पिकअप से टकराई तेज़ रफ्तार कार, 6 साल के बच्चे सहित 8 की मौत

  • तेज़ रफ्तार कार के खड़ी पिकअप वाहन से टकराने से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बुधवार शाम जेजुरी-मोरेगांव रोड पर एक तेज़ रफ्तार कार के खड़ी पिकअप वाहन से टकराने से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक छह साल का मासूम और एक महिला भी शामिल हैं, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे की वजह बनी लापरवाही और तेज़ रफ्तार

यह हादसा शाम लगभग 6:45 बजे जेजुरी-मोरेगांव रोड पर एक होटल के सामने हुआ, जब होटल मालिक और कर्मचारी पिकअप वाहन से फ्रिज उतार रहे थे। उसी समय पुणे से मोरेगांव की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे खड़े पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में कामगार और मासूम शामिल

पुणे ग्रामीण पुलिस ने मृतकों की पहचान सोमनाथ रामचंद्र वायसे, रामू संजीवनी यादव, अजय कुमार चव्हाण, अजीत अशोक जाधव, किरण भारत राउत, अश्विनी संतोष, अक्षय राउत के रूप में की है। एक शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। हादसे में जिनकी जान गई, वे पिकअप पर काम कर रहे मजदूर और स्थानीय निवासी थे।

घायलों की हालत गंभीर

चार घायलों में एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। सभी को जेजुरी स्थित शांते अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक बच्चे की हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।

चार दिन पहले पुल हादसे ने ली थी 4 जानें

गौरतलब है कि पुणे जिले में ही 15 जून को एक अन्य हादसे में जानें गई थीं। मावल तहसील के इंद्रायणी नदी पर बना एक जर्जर पुल अचानक ढह गया था, जिसमें 4 लोगों की मौत और 18 घायल हुए थे। यह हादसा भीड़ द्वारा नदी के बहाव को देखने के दौरान हुआ था। बाद में NDRF ने 51 लोगों को रेस्क्यू किया था।

प्रशासन के लिए चेतावनी

तेज़ रफ्तार, अनियंत्रित वाहन और बुनियादी ढांचे की लचर स्थिति मिलकर आम नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पुणे में लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस-प्रशासन को, बल्कि आम लोगों को भी सतर्क होने की सख़्त ज़रूरत की याद दिला दी है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram