- तीन घंटे तक उपद्रव, तोड़फोड़ और पथराव के बीच पुलिस ने लाठीचार्ज कर संभाला हालात
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल बुधवार रात भारी तनाव की चपेट में आ गई, जब एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में एक ठेकेदार की गिरफ्तारी के बाद शहर में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। मल्लीताल क्षेत्र में रात करीब साढ़े नौ बजे से साढ़े 12 बजे तक सड़कें शोर, भीड़ और आक्रोश से गूंजती रहीं।
पीड़िता के परिवार ने दर्ज कराई शिकायत
मामले की जानकारी के अनुसार, बालिका की मां रिश्तेदारी में बाहर गई हुई थी और इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने घर के काम के लिए बुलाया था। पीड़िता को कुछ पैसे भी दिए गए थे। अगले दिन वह उसे अपनी कार में ले गया और शहर के एक सुनसान इलाके में दुष्कर्म करने के बाद छोड़कर फरार हो गया। बुधवार को परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

कोतवाली घेराव और गिरफ्तारी की मांग
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मल्लीताल कोतवाली के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारी घंटों कोतवाली के बाहर डटे रहे और नारेबाजी की।

हिंसा में तब्दील हुआ गुस्सा, पुलिस को करनी पड़ी सख्ती
प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पथराव की घटनाओं में कई घरों और दुकानों के शीशे टूट गए। धार्मिक स्थलों के आसपास भी तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। उपद्रव के दौरान कई लोग घायल हुए हैं।

बाजार बंद, लोग भयभीत
हिंसा की आशंका के चलते नैनीताल बाजार पूरी तरह बंद कर दिया गया। गाड़ी पड़ाव और मल्लीताल क्षेत्र में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। स्थानीय निवासी घरों में दुबक गए। कई स्थानों पर महिलाएं और बच्चे खिड़कियों से उपद्रवियों से शांति की गुहार लगाते नजर आए।
प्रशासन ने की शांति की अपील
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
गुरुवार को नैनीताल बंद का एलान
घटना से आक्रोशित सामाजिक संगठनों ने गुरुवार को नैनीताल बंद का एलान किया है। हालांकि प्रशासन ने स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है।
