July 4, 2025 2:28 PM

मुख्यमंत्री ने किया सिविल सेवा दिवस समारोह का शुभारंभ, 14 उत्कृष्ट आईएएस होंगे सम्मानित

civil-seva-diwas-14-ias-awarded-bhopal-ceremony

नरोन्हा प्रशासन अकादमी में हुआ भव्य आयोजन, सीएम मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दी प्रेरक संदेश

भोपाल। राजधानी के नरोन्हा प्रशासन अकादमी में सोमवार को सिविल सेवा दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ और युवा प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 आईएएस अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कारों की जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि यह पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिए जाते हैं। इसके लिए अधिकारियों से नामांकन मंगाए जाते हैं और एक समिति द्वारा उनके कार्यों के आकलन के बाद चयन किया जाता है। इस वर्ष पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन के आधार पर 14 अधिकारियों का चयन हुआ है, जिन्हें समारोह के दौरान सम्मानित किया जा रहा है।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अपने उद्बोधन में सिविल सेवा दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि 21 अप्रैल देश भर में सिविल सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के उस ऐतिहासिक भाषण की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने सिविल सर्विस के मूल मंत्र ‘डिग्निटी, इंटीग्रिटी और डेडिकेशन’ की बात कही थी। जैन ने कहा, “हम सभी सिविल सेवक यह सोचें कि हमारे सिस्टम ने क्या अचीव किया है। राजनीतिक नेतृत्व हमें विजन देता है और उसे धरातल पर उतारने की ज़िम्मेदारी हमारी है।”

उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की चर्चा करते हुए कहा कि इसके लिए हम सभी को मिलकर पूरी निष्ठा से काम करना होगा। मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने में सिविल सेवा की भूमिका निर्णायक है। जैन ने करप्शन-फ्री और गुड गवर्नेंस पर जोर देते हुए कहा कि ऐसा देश बनाना है, जहां आम नागरिक की जिंदगी सरल और बेहतर हो।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “वरिष्ठ अफसरों की सेवा अब सीमित रह गई है, इसलिए युवा अफसरों के कंधों पर दोहरी जिम्मेदारी है। वे अपने जोश और नए विचारों से विकसित भारत 2047 के सपनों को साकार करें।”

इस आयोजन में सिविल सेवकों के लिए प्रेरणादायक वक्तव्यों के साथ-साथ श्रेष्ठ कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न जिलों में चल रही नवाचार योजनाओं और प्रभावशाली प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी गई।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram