दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है, और अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है। दो घंटे की मतगणना के बाद चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा 43 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कुछ सीटों पर बेहद कांटे की टक्कर जारी है, जहां हर राउंड के बाद बढ़त बदल रही है।
प्रमुख सीटों पर रुझान
- नई दिल्ली सीट से छठे राउंड की गिनती के बाद अरविंद केजरीवाल पीछे हो गए हैं। भाजपा के प्रवेश वर्मा अब आगे चल रहे हैं।
- गांधी नगर सीट से AAP के नवीन चौधरी 3,030 वोटों से आगे।
- वजीरपुर में भाजपा 494 वोटों से आगे।
- कोंडली सीट पर 5 राउंड की गिनती के बाद AAP के कुलदीप कुमार मोनू 10,254 वोटों से आगे।
- विकासपुरी में भाजपा 4,300 वोटों से आगे।
- द्वारका में भाजपा 2,400 वोटों से आगे।
- मटियामहल सीट से भाजपा 6,200 वोटों से आगे।
- नजफगढ़ सीट से भाजपा 11,300 वोटों से आगे।
भाजपा 27 साल बाद सत्ता में लौटने की ओर
दिल्ली में आखिरी बार भाजपा ने 1993 में सरकार बनाई थी, जब उसने 49 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उस कार्यकाल में भाजपा ने पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बदले थे। अब, 27 साल बाद पार्टी सत्ता में वापसी की ओर बढ़ रही है।
उमर अब्दुल्ला का AAP पर तंज
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने AAP पर तंज कसते हुए ट्वीट किया – “और लड़ो आपस में…” उनकी टिप्पणी को आप के भीतर चल रहे अंदरूनी मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है।
मतदान और एग्जिट पोल्स का आकलन
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को 60.54% मतदान हुआ था। मतदान के बाद आए 14 एग्जिट पोल में से 12 ने भाजपा की जीत और 2 ने AAP की सरकार बनने का अनुमान जताया था। शुरुआती रुझान एग्जिट पोल्स के अनुमानों को सही साबित करते नजर आ रहे हैं।
अगले कुछ घंटों में तय होगा दिल्ली का भविष्य
मतगणना के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है, लेकिन AAP अब भी मजबूती से मुकाबला कर रही है। चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि दिल्ली में अगली सरकार किसकी बनेगी। सभी की निगाहें अब अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।